रामायण के सेट का माहौल खराब करते थे यश; बड़े-बड़े स्पीकर्स पर बजाते थे गाने
रामायण एक्टर यश ने बताया कि वो सेट पर तेज-तेज म्यूजिक सुनते थे। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि वो पूरे सेट का माहौल खराब कर देते थे। यश ने बताया कि वो क्यों तेज आवाज में म्यूजिक सुनते थे।

रामायण का ट्रेलर सैन डिएगो कॉमिक कॉन में दिखाया गया। सोशल मीडिया पर कुछ लोग ट्रेलर की तारीफ भी कर रहे हैं। कॉमिक कॉन ट्रेलर लॉन्च पर रणबीर कपूर, यश, नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी मौजूद थे। उस इवेंट पर एक यूट्यूब चैनल से बातचीत करते वक्त यश ने बताया कि सेट पर वो कैसे रहते थे। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि एक तरीके से वो सेट का माहौल खराब करते थे।
सेट पर कैसे खुद को रावण के किरदार में रखते थे यश?
रिव्यू नेशन यूट्यूब चैनल पर रामायण के किरदारों को कलर करते हुए यश ने अपने किरदार की बात की। उनसे पूछा गया कि वो हर रोज अपने रावण के किरदार में कैसे आते थे? यश ने जवाब दिया कि जब भी वो सेट पर आते थे तो उनका भारी-भरकम बड़ा सा मुकुट उन्हें रावण के किरदार में आने में मदद करता था।
म्यूजिक से सेट की एनर्जी बदल देते थे यश
इस बीच फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने उन्हें उनके लाउड म्यूजिक के बारे में याद दिलाया। इसके बाद यश ने कहा- मैंने एक तरीके से सेट का पूरा माहौल किया। मैं बहुत गंभीर रहता था। रणबीर ने कहा कि उन्होंने भले ही यश के साथ कोई सीन शूट न किया हो, लेकिन जिन लोगों ने भी यश के साथ सीन शूट किया है वो बताते थे कि यश अपने म्यूजिक से पूरे सेट की एनर्जी बदल देते थे।
यश ने क्यों कहा सेट का माहौल करते थे खराब?
यश ने बताया, “मैं बड़े स्पीकर्स लेकर आता था और उसपर फुल आवाज में म्यूजिक बजाता था। तो मैं उस जोन में रहता था। मैं शिव के गाने बजाता था। रावण भगवान शिव का बहुत बड़ा भक्त था। मैं वो सुनता, मैं उस ट्रांस में रहना चाहता था। जबरदस्ती, सबको बात करने में बहुत परेशानी होती क्योंकि म्यूजिक बहुत तेज होता था।”
पहले पार्ट में साथ नहीं दिखेंगे रणबीर और यश
रामायण की बात करें तो इस फिल्म का पहला पार्ट इसी साल दिवाली के मौके पर रिलीज होगा। पहले पार्ट में रणबीर कपूर और यश के साथ में सीन्स नजर नहीं आएंगे। इस फिल्म के दूसरे पार्ट में राम और रावण की लड़ाई फैंस को देखने को मिलेगी। फिल्म का दूसरा पार्ट अगले साल यानी 2027 में रिलीज होगा।
रामायण में सनी देओल, साई पल्लवी(सीता) , काजल अग्रवाल (मंदोदरी), रवि दुबे (लक्ष्मण), यश (रावण), रकुलप्रीत सिंह, रणबीर कपूर, अरुण गोविल (दशरथ), शोभना, लारा दत्ता (कैकेयी), शीबा चड्ढा और इंदिरा कृष्णन (कौशल्या) जैसे कलाकार नजर आएंगे।


