1969 की वो फिल्म जिस पर मंडरा रहा था फ्लॉप होने का खतरा, पलटी किस्मत और बनी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर
राजेश खन्ना की फिल्म आराधना उनके करियर की सबसे बेहतरीन फिल्मों में से एक मानी जाती है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया था। पर क्या आप जानते हैं, जब ये रिलीज हुई थी तब फिल्म की शुरुआत अच्छी नहीं थी। डिस्ट्रीब्यूटर्स भी फिल्म को लेकर उत्साहित नहीं थे। इस फिल्म ने राजेश के लिए सब कुछ बदल दिया था।

फिल्म इंडस्ट्री में जब भी शानदार एक्टर्स की बात होती है तब राजेश खन्ना का नाम जरूर लिया जाता है। राजेश खन्ना का नाम इंडस्ट्री के उन एक्टर्स में गिना जाता है जिसके फैंस इस कदर दीवाने थे कि आज भी वो किस्से याद किए जाते हैं। राजेश खन्ना ने अपने जीवन में बहुत सफलता देखी, लेकिन राजेश खन्ना की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं थी। राजेश खन्ना की पहली फिल्म 1966 में रिलीज हुई थी। 1966 से 1969 तक राजेश खन्ना ने कई फिल्में कीं, लेकिन उनकी ज्यादातर फिल्में या तो फ्लॉप रहीं या बॉक्स ऑफिस पर बस ठीक-ठाक प्रदर्शन कर पाईं।
राजेश खन्ना के लिए क्यों खास था साल 1969?
राजेश खन्ना की किस्मत चमकी साल 1969 में। इस साल राजेश खन्ना की 6 फिल्में रिलीज हुईं और सब की सब हिट और सुपरहिट साबित हुईं। इसी साल राजेश खन्ना की फिल्म आराधना रिलीज हुई थी। इस फिल्म को राजेश खन्ना के करियर की बेस्ट फिल्मों में गिना जाता है। इस फिल्म को ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर माना जाता है। पर क्या आप जानते हैं ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर वाली इस फिल्म की शुरुआत काफी खराब हुई थी और इस फिल्म के शूट में भी काफी समस्या आई थीं।
कैसे बनी शक्ति सामंत की आराधना?
इस बीच स्क्रिप्टराइटर सचिन भौमिक ने शक्ति को एक कहानी सुनाई थी जो उन्हें बहुत पसंद आई थी। यही थी फिल्म आराधना। शक्ति सामंत ने कहानी पर फिल्म बनाने की सोच ली। फिल्म का पहले नाम रखा गया- सुबह प्यार की। हालांकि, बाद में उन्हें लगा कि फिल्म को ये नाम ज्यादा सूट नहीं कर रहा है। इसके बाद फिल्म का नाम आराधना रखा गया। फिल्म की मूल कहानी हॉलीवुड फिल्म To Each His Own से प्रेरित थी।
जब अपर्णा सेन ने आखिरी मौके पर फिल्म करने से कर दिया मना
आराधना के सामने एक नहीं कई मुसीबतें आईं। सबसे पहले तो फिल्म की कास्ट को लेकर। यह एक महिला प्रधान फिल्म थी। फिल्म में मेन लीड के तौर पर अपर्णा सेन को कास्ट किया गया। अपर्णा को कहानी बहुत पसंद आई थी। वो एक बार में ही फिल्म करने को मान गई थीं। लेकिन शूटिंग शुरू होने से कुछ दिन पहले ही अपर्णा सेन ने फिल्म से कदम पीछे हटा लिए। उन्होंने कहा कि उनके पास डेट्स नहीं हैं। अपर्णा सेन के मना करने के बाद फिल्म में शर्मिला टैगोर की कास्टिंग हुई।
शर्मिला को किया गया कास्ट
शक्ति सामंत ने राजेश खन्ना को एक्ट्रेस के प्रेमी के किरदार के लिए कास्ट किया गया। पहले फिल्म में राजेश खन्ना का ज्यादा रोल नहीं था। उनके किरदार की फिल्म के फर्स्ट हाफ में ही मौत होनी थी। राजेश खन्ना को लगातार फ्लॉप्स के बीच जब एक बड़े बैनर की फिल्म मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था। राजेश खन्ना का रोल छोटा था, लेकिन राजेश खन्ना को इस बात की खुशी थी कि उन्हें शर्मिला टैगोर जैसी बड़ी एक्ट्रेस के साथ काम करने का मौका मिलेगा।
दूसरी फिल्म से मिलता था क्लाइमेक्स
फिल्म की शूटिंग डेट्स तय कर ली गईं। शूटिंग शुरू होने ही वाली थी कि फिल्म के सामने एक और मुसीबत आ गई। आराधना से पहले निर्माता सुरिंदर कपूर ने शक्ति सामंत को अपनी फिल्म एक श्रीमान एक श्रीमती के ट्रायल शो के लिए बुलाया। शक्ति फिल्म देखने पहुंचे। उन्होंने पाया कि उनकी फिल्म आराधना का क्लाइमेक्स इस फिल्म से काफी मिलता जुलता है। इस बात को लेकर वो बहुत तनाव में आ गए थे। इसके बाद गुलशन नंदा उनसे मिलने आए। शक्ति सामंत को परेशान देखकर उन्होंने सुझाव दिया कि वो फिल्म के क्लाइमेक्स को बदल सकते हैं। इसके बाद दोनों ने फिल्म के क्लाइमेक्स पर बात की और उसे बदला गया।
राजेश खन्ना को ऐसे मिला डबल रोल
गुलशन नंदा ही वो शख्स थे जिन्होंने उन्हें राजेश खन्ना के डबल रोल का सुझाव भी शक्ति सामंत को दिया था। शक्ति को ये सुझाव पसंद आया था और इस तरह फिल्म में राजेश खन्ना को डबल रोल मिला।
ब्लॉकबस्टर होने से पहले फिल्म पर मंडरा रहा था फ्लॉप का खतरा
1969 में राजेश खन्ना की फिल्म आराधना बनकर तैयार थी, लेकिन डिस्ट्रिब्यूटर्स में फिल्म को लेकर खास उत्साह नहीं था। उस समय राजेश खन्ना इंडस्ट्री में नए-नए थे। इसलिए किसी को फिल्म से ज्यादा उम्मीद नहीं थी। फिल्म की गाने रिलीज से पहले ही लोकप्रिय हो गए थे। लोग कह रहे थे ये शर्मिला की फिल्म है। जब आराधना का पहला शो शुरू हुआ, दिल्ली से मुंबई तक से ऐसी खबर आई कि लोगों का रिस्पॉन्स बिल्कुल ठंडा है।
सब मान चुके थे कि ये फिल्म फ्लॉप होने वाली है, लेकिन अचानक फिल्म और राजेश खन्ना दोनों की किस्मत पलटी । हर बीतते दिन के साथ फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़ने लगा। पहला हफ्ता खत्म होते-होते फिल्म के शोज हाउसफुल जाने लगे थे। फिल्म को रिलीज हुए 1 महीना पूरा हो गया था और मुंबई के रॉक्सी थिएटर में शोज अब भी हाउसफुल जा रहे थे।
राजेश खन्ना की फिल्म ने की थी कितनी कमाई?
आईएमडीबी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, राजेश खन्ना की इस फिल्म का बजट 80 लाख था और फिल्म ने करीब 7 करोड़ की कमाई की थी। इस तरह ये फिल्म ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर की लिस्ट में शामिल हुई। राजेश खन्ना के जीवन पर लिखी किताब- राजेश खन्ना: कुछ तो लोग कहेंगे में बताया गया है कि राजेश खन्ना की ये फिल्म न सिर्फ ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी, लेकिन फिल्म को राजेश खन्ना की वजह से पसंद किया जा रहा था। इस फिल्म के बाद राजेश खन्ना काफी लोकप्रिय हो गए। लोग उन्हें उनके अंदाज के लिए पसंद करने लगे थे। इस तरह साल 1969 राजेश खन्ना के लिए मील का पत्थर साबित हुआ था।
(इस लेख में दी गई जानकारी राजेश खन्ना के जीवन पर लिखी किताब ‘राजेश खन्ना: कुछ तो लोग कहेंगे’ से ली गई है।
लेखक के बारे में
Harshita Pandeyहर्षिता पांडे पिछले सात साल से अधिक से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में एंटरटेनमेंट सेक्शन में काम कर रही हैं।
विस्तृत बायो
मनोरंजन जगत की खबरों में दिलचस्पी रखने वाली हर्षिता पांडे को डिजिटल मीडिया में 7 साल से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में एंटरटेनमेंट सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर काम कर रही हैं। अप्रैल 2024 से हर्षिता पांडे लाइव हिंदुस्तान के साथ जुड़ी हैं। यहां वह सेलेब्स इंटरव्यू लेती हैं, फिल्मों, टीवी शोज और ओटीटी सीरीज पर खबरें बनाने के साथ साथ उनकी समीक्षा और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर काम करती हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और करियर की शुरुआत
2017 में मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में बैचलर्स की डिग्री पाने के बाद उन्होंने रेडियो एंड टीवी जर्नलिज्म में डिप्लोमा हासिल किया और फिर आजतक से अपने करियर की शुरूआत की, जहां उन्होंने 5 साल से अधिक काम किया।
एंटरटेनमेंट और विजन
फिल्म, ओटीटी और टीवी शोज में हर्षिता की अच्छी पकड़ है। उनका लक्ष्य पाठकों तक सटीक, प्रमाणिक और सशक्त जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
ओटीटी सीरीज (बॉलीवुड और हॉलीवुड) का रिव्यू
सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
बॉलीवुड फिल्मों के रिव्यूज
साउथ की फिल्में और टीवी रियलिटी शोज से जुड़े अपडेट्स
फिल्मी पर्दे पर दिखाई जा रही कहानियों के पीछे के किस्से पाठकों तक पहुंचाना
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


