हनुमान अंश देखने पहुंचे मुस्लिम बुजुर्ग, हो रही तारीफ, लोग बोले- देखो चप्पल भी उतारी हैं
Hanuman Ansh: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे एक मु्स्लिम बुजुर्ग सिनेमाहॉल में हनुमान अंश देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर बुजुर्ग शख्स की काफी तारीफ हो रही है।

बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक छोटे बजट की फिल्म कमाल कर रही है। इस फिल्म का नाम है हनुमान अंश। इस फिल्म की शुरुआत काफी धीमी हुई थी, लेकिन देखते ही देखते फिल्म ने शानदार कमाई कर ली है। हर तरफ इस फिल्म की चर्चा हो रही है। अब इस चर्चा के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक मुस्लिम बुजुर्ग फिल्म देखते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन बुजुर्ग की तारीफ हो रही है।
सोशल मीडिया पर मुस्लिम बुजुर्ग का वीडियो वायरल
मुस्लिम बुजुर्ग की ये वीडियो Bhagavad Gita नाम के यूजर ने एक्स पर शेयर किया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मुस्लिम बुजुर्ग बहुत ध्यान से हनुमान अंश देख रहे हैं। हॉल में कुछ और लोग भी बैठे हैं। वीडियो में बुजुर्ग बिना चप्पल के बैठे दिखाई पड़ रहे हैं। इस वीडियो के ऊपर लिखा है- भाई ये भी आए हैं हनुमान अंश देखने। और तुम हिंदू होकर भी नहीं देख रहे हो।
वायरल वीडियो पर क्या बोल रहे सोशल मीडिया यूजर्स?
इस वीडियो पर तमाम सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन आए हैं। एक यूजर ने लिखा- वो दशकों से चल रहे राजनीतिक ध्रुवीकरण के जरिए इनका दिमाग दूषित करने में नाकाम रहे। एक दूसरे यूजर ने लिखा- राम-राम। एक ने कहा- एक मुस्लिम भी देख आया, और मैं अबतक नहीं देख पाया। एक ने कहा- देखो, उन्होंने चप्पल भी उतारी हैं।
किस बारे में है फिल्म हनुमान अंश?
ये फिल्म नीम करौली बाबा के शुरुआती जीवन पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म की कहानी एक 12 साल के दुखी बालक लक्ष्मी नारायण शर्मा की है, जो बाद में नीम करौली बाबा के नाम से जाने जाने लगे। इस फिल्म का डायरेक्शन और लेखन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सत्या, विहान शेडगे, चंदन आनंद जैसे कलाकार नजर आए हैं। फिल्म को 9.2 आईएमडीबी रेटिंग मिली है।
हनुमान अंश ने बॉक्स ऑफिस पर कर दिया कमाल
फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो इस फिल्म की शुरुआत काफी धीमी हुई थी। फिल्म ने पहले हफ्ते में 1.08 करोड़ की कमाई की थी। दूसरे हफ्ते फिल्म की कमाई 40 लाख हुई। वहीं, तीसरे हफ्ते फिल्म ने 10.40 करोड़ की कमाई की। चौथे हफ्ते फिल्म ने 52.43 करोड़ कमाए। इस तरह फिल्म का अबतक का टोटल कलेक्शन भारत में 64.31 करोड़ हो गया है। इस फिल्म के बजट की बात करें तो फिल्म का बजट 2 करोड़ बताया जा रहा है।


