मुकेश खन्ना बोले, शर्म आती है जब कोई आदाब करता है और इशारों से कहता है गुटखा खाओ
मुकेश खन्ना ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को मिले नोटिस पर खुशी जाहिर की है और कहा है कि इन कलाकारों को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
‘शक्तिमान’ और ‘महाभारत’ फेम अभिनेता मुकेश खन्ना ने पान मसाला ब्रांड्स का प्रचार करने वाले बॉलीवुड सुपरस्टार्स की कड़ी आलोचना की है। दरअसल, महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की ओर से इन अभिनेताओं को नोटिस भेजा है। ऐसे में मुकेश खन्ना खुश हो गए हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर एक वीडियो जारी कर अपनी नाराजगी जाहिर की और इन सितारों से जनता के सामने माफी मांगने की अपील की है।
मुकेश खन्ना ने क्या कहा?
विज्ञापनों में इस्तेमाल होने वाले ‘जुबां केसरी’ जैसे नारों पर तंज कसते हुए मुकेश खन्ना ने कहा कि ‘केसरिया’ रंग शूरवीरता, बहादुरी और साहस का प्रतीक है। ऐसे में इसका इस्तेमाल गुटखा या पान मसाला खाने का निमंत्रण देने के लिए करना बेहद शर्मनाक है।
शुक्र है देर सबेर FDA जागा - मुकेश खन्ना
उन्होंने कहा, 'केसरिया आदाब के लिए नहीं होता। शौर्य, साहस, पराक्रम के लिए होता है। शर्म आती है ये देखकर, जब कोई आदाब करता है और इशारों से कहता है गुटखा खाओ । और शर्म की इंतहा तब हो जाती है जब वो कोई जनता का मनपसंद कलाकार होता है !! समझ नहीं आता वो ये भद्दा आदाब, क्यों करता है ?? जबकि उसके पास सब कुछ है। वो यूथ को सुधार सकता है, तो बिगाड़ने की ऐड क्यों लेता है !! शुक्र है देर सबेर , FDA जागा, नोटिस भेजी गई कि तुम लोग ऐसा क्यों कर रहे हो ? जवाब का दुनिया को इंतेजार है। मुझे भी।
सरकार से भी पूछा सवाल
मुकेश खन्ना ने यह भी सवाल उठाया कि इन ब्रांड्स के विज्ञापनों में टीवी पर इलायची बेचने का दावा किया जाता है, जबकि उनके मुताबिक इनके जरिए उसी नाम से बिकने वाले तंबाकू उत्पादों का प्रचार किया जाता है। उन्होंने FDA की कार्रवाई का स्वागत किया, लेकिन साथ ही पूछा कि सरकार को यह कदम उठाने में इतने साल क्यों लग गए।
जनता से माफी मांगने की अपील
मुकेश खन्ना की मांग है कि जिन कलाकारों को नोटिस मिला है, उन्हें अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामला सिर्फ माफी मांगने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इन कलाकारों को आगे आकर लोगों, खासकर युवाओं को यह संदेश भी देना चाहिए कि ऐसी हानिकारक चीजों का सेवन नहीं करना चाहिए।
क्या बोल रही है पब्लिक?
मुकेश खन्ना के इस बेबाक वीडियो को सोशल मीडिया पर लोगों का समर्थन मिल रहा है। कई यूजर्स ने उनकी तारीफ करते हुए उन्हें असल जिंदगी का ‘शक्तिमान’ तक बताया। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि सरकार ने कार्रवाई करने में काफी देर कर दी है। एक यूजर ने कहा कि आज गली-मोहल्ले के बच्चों तक की जुबान पर ऐसे विज्ञापनों के नारे रट चुके हैं। एक अन्य यूजर ने यह भी ध्यान दिलाया कि कुछ राज्यों, जैसे राजस्थान, में सरकारी बसों पर भी ऐसे विज्ञापन देखने को मिलते हैं।


