'कोई धर्म एक ही भगवान तक सीमित...': शर्मिला टैगोर के बयान पर क्यों भड़कीं कंगना रनौत?
शर्मिला टैगोर ने हाल ही में वंदे मातरम को लेकर अपनी राय सामने रखी। शर्मिला टैगोर की बातें कंगना रनौत को पसंद नहीं आई हैं और उन्होंने शर्मिला टैगोर पर निशाना साधा है।

शर्मिला टैगोर ने हाल ही में वंदे मातरम के दो से ज्यादा छंद गाने को लेकर छिड़े विवाद पर अपनी राय सामने रखी। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के दो छंद ही अच्छे हैं। बाकी के छंद उन लोगों के लिए कहने मुश्किल हैं जो लोग केवल एक ही भगवान में मानते हैं। अब कंगना रनौत ने उनके इस बयान पर नाराजगी जताई है। कंगना ने कहा कि अगर कोई धर्म ऐसा है जो एक भगवान में मानता है तो ये एक सेलेक्टिव मुद्दा है, कलेक्टिव नहीं।
शर्मिला टैगोर के बयान पर भड़कीं कंगना रनौत
कंगना रनौत ने शर्मिला टैगोर का वो वीडियो शेयर किया है जिसमें वो वंदे मातरम के बारे में अपनी राय रख रही हैं। इस वीडियो के साथ कंगना ने कैप्शन लिखा- मैं सरहाना करती हूं कि शर्मिला जी ने वंदे मातरम को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है, लेकिन मैं हैरान हूं कि एक आर्टिस्ट के तौर पर कला/कविता पर उनके विचार इतने सीमित और बनावटी कैसे हो सकते हैं?
वंदे मातरम को बताया आजादी की लड़ाई की भावना
कंगना ने आगे लिखा- किसी भी कविता या गीत में शब्द रूपक होते हैं। कवि मनचाहा असर पैदा करने के लिए तरह-तरह की कल्पनाओं का इस्तेमाल करते हैं। वंदे मातरम आजादी की लड़ाई की भावना है, बंकिम चंद्र जी देश को अपने भीतर की शक्ति को जगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कंगना रनौत ने क्या दी सलाह?
शर्मिला टैगोर को सलाह देते हुए कंगना रनौत ने कहा कि कृप्या कर के हिंदू-मुस्लिम माइंड सेट से बाहर निकलिए। कंगना ने कहा- मैं आपको पसंद करती हूं और आपकी जोरदार झप्पी से मुझे कोई ऐतराज नहीं है।
शर्मिला टैगोर को कंगना रनौत का जवाब
कंगना ने अपनी अगली स्टोरी में लिखा- अगर कोई धर्म सिर्फ एक भगवान और एक ही तरह की अभिव्यक्ति-वो भी पुरुष प्रधानता वाली-तक सीमित है, तो मुझे अफसोस है, पर किसे परवाह है? आपको बता दूं कि यह कोई कलेक्टिव मुद्दा नहीं, बल्कि सेलेक्टिव लोगों का मुद्दा है।
क्या बोली थीं शर्मिला टैगोर?
शर्मिला टैगोर ने कहा था- वो जो एक धर्म में विश्वास करते हैं उनके लिए मुश्किल है कहना कि वंदे काली, वंदे दुर्गा, वंदे...मुश्किल है। तो इसलिए, अगर भारत में जितने धर्म के लोग हैं, उसको हम अगर एक साथ लेकर चलें तो पहले दो छंद बहुत अच्छे हैं।


