'चोली के पीछे क्या है' बनाने वाले नहीं, सुनने वाले ठरकी हैं - बोले जावेद अख्तर
Javed Akhtar: जावेद अख्तर ने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो कहते हैं कि फिल्म इंडस्ट्री बोल्ड और वल्गर गाने बनाता है। पढ़िए उन्होंने इंटरव्यू में क्या कहा।

जावेद अख्तर ने उन्हें करारा जवाब दिया है जो फिल्म इंडस्ट्री में बन रहीं बोल्ड फिल्मों पर सवाल उठाते हैं। जावेद अख्तर बोले, ‘ये सिनेमा होता है? ये लोग बनाते हैं समाज के मनोरंजन के लिए, जिस दिन समाज सही हो जाएगा उस दिन उसका मनोरंजन भी ठीक हो जाएगा। जब तक यह समाज खराब रहेगा उसका मनाेरंजन खराब ही रहेगा। वो ठीक हो ही नहीं सकता। बात ये है।’
ये जो सिनेमा है वो समाज की नब्ज है - जावेद अख्तर
दरअसल, जावेद अख्तर ने इंडियन एक्सप्रेस हिंदी को इंटरव्यू दिया। इस दौरान एक ने उनसे पूछा कि सिनेमा हर बार ये कहकर पल्ला क्यों झाड़ लेता है कि समाज ठीक होगा तो हम अच्छा कंटेंट बनाएंगे? सिनेमा अच्छा कंटेंट क्यों नहीं बनाता? इस पर जावेद अख्तर ने कहा, ‘ये जो सिनेमा है ये नब्ज है। नब्ज में अगर बुखार है तो आप ये नहीं कहोगे कि पहले नब्ज का बुखार ठीक करो फिर बॉडी का बुखार ठीक करेंगे। बॉडी का बुखार ठीक हो जाएगा तो नब्ज का बुखार भी चला जाएगा।’
यहीं तो बनती थी ‘मदर इंडिया’ - जावेद अख्तर
जावेद अख्तर ने आगे कहा, ‘यही समाज था, यहां बनती थी न ‘दो बीघा जमीन’, यहीं तो बनती थी ‘बंदनी’। यहीं तो बनती थी ‘सुजाता’। यहीं तो बनती थी ‘हीरा मोती’। यहीं तो बनती थी ‘मदर इंडिया’। तो…इस समाज को क्या हो गया कि अब ऐसी पिक्चर बनती है और हिट हो जाती है।’
जो घरों में बैठे लोग हैं उनमें गड़बड़ है - जावेद अख्तर
जावेद अख्तर ने पूछा सवाल, कहा- ‘एक वल्गर गाना है…अरे साहब सब गाने बड़े वल्गर हो गए। ये गाना ने एक ने लिखा है, एक ने कंपोज किया है, एक ने गाया है, एक ने परफॉर्म किया है, एक ने शूट किया है, एक ने डायरेक्ट किया। ये तो सात-आठ लोग हैं न, ये परवर्ट (ठरकी) हैं ये तकलीफ है क्या? 140 करोड़ की आबादी में अगर 8 लोग ठरकी हैं तो ये दिक्कत वाली बात नहीं है। दिक्कत ये है कि ऐसा गाना सुपरहिट होता है। इसका मतलब है कि जो घरों में बैठे लोग हैं उनमें गड़बड़ है। वरना ऐसा गाना चलना ही नहीं चाहिए था।’
जावेद अख्तर का बड़ा दावा
जावेद अख्तर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, ‘मेरा एक गाना बता दो जिसमें एक लाइन ऐसी हो। तो इन सबका जिम्मेदार समाज है। चोली के पीछे क्या है? ये गाना क्या फिल्म वालों ने हिट करवाया है? या आप लोगों ने? बहुत अफसोस है, आपको क्यों पसंद है ये? अच्छा कंटेंट आप लोग देखते ही नहीं हैं। आप श्याम बेनेगल की फिल्में हिट करवाते हैं? आप देखते ही नहीं हैं। श्याम बेनेगल बहुत अच्छा फिल्ममेकर था और बहुत अच्छी फिल्में बनाता था। आपने देखी? आप नहीं देखते हैं। आपका समाज नहीं देखता है।’

