शादियों-पार्टियों से लेकर ट्रकों-टैक्सियों तक, पाकिस्तान में है इन भारतीय सिंगर्स का जलवा
जिस तरह भारत में कुछ पाकिस्तान सिंगर्स को बहुत सुना जाता है, उसी तरह कई भारतीय सिंगर्स भी हैं, जो पाकिस्तानी ऑडियंस के दिल में बसते हैं। चलिए जानते हैं उनके नाम।

बॉलीवुड एक्टर्स का पाकिस्तान में बहुत जलवा है यह तो हम जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि भारतीय सिंगर्स ने भी पाकिस्तान में एक अलग ही फैन बेस बना रखा है। भारतीय मनोरंजन जगत से पाकिस्तान काफी ज्यादा प्रेरित और इंप्रेस रहा है। भारतीय फिल्में पाकिस्तान में न सिर्फ बहुत पसंद की जाती हैं, बल्कि यहां के गाने भी वहां पर खूब सुने जाते हैं। तो आज हम आपको ऐसे ही कुछ भारतीय गायकों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी दीवानगी पाकिस्तान में बहुत ही ज्यादा है। शादी ब्याह का मौका हो, या फिर कोई पार्टी, पाकिस्तान में अक्सर इन सिंगर्स के भारतीय गाने बजते दिखाई पड़ जाते हैं।
अरिजीत सिंह
लिस्ट में पहला ही नाम पूरी दुनिया में मशहूर हो चुके सिंगर अरिजीत सिंह का है। अरिजीत की दर्दभरी आवाज का जादू पाकिस्तान के युवाओं के सिर चढ़कर बोलता है। 'तुम ही हो', 'चन्ना मेरेया', और 'हवाएं' जैसे गानों ने उन्हें पाकिस्तान में उनका पसंदीदा सिंगर बना दिया है। जब भी अरिजीत का कोई नया गाना रिलीज होता है, तो वह भारत के साथ-साथ पाकिस्तान के यूट्यूब और स्पॉटिफाई पर भी बहुत जल्दी चार्टबस्टर हिट हो जाता है। स्पॉटिफाई के डाटा के मुताबिक साल 2022 और 2023 में अरिजीत सिंह पाकिस्तान में सबसे ज्यादा स्ट्रीम किए जाने वाले टॉप 3 इंटरनेशनल आर्टिस्ट में शामिल रहे हैं।
किशोर कुमार
किशोर दा भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी आवाज आज भी दुनिया के कोने-कोने में गूंजती है। किशोर कुमार की सदाबहार आवाज और उनके गाने पाकिस्तान की पुरानी और नई पीढ़ी के बीच एक ब्रिज बन जाते हैं। पाकिस्तान के टैक्सी ड्राइवर्स से लेकर वहां के बड़े-बड़े कैफे तक में उनके गाने आज भी गूंजते हैं। पाकिस्तान के कई लीजेंडरी सिंगर्स जैसे सज्जद अली और अत्ताउल्लाह खान ने कई इंटरव्यू में माना है कि वो किशोर कुमार से इंस्पायर्ड रहे हैं।
लता मंगेशकर
लता मंगेशकर को पाकिस्तान में बहुत आदर सम्मान मिला था। उनकी साफ उर्दू तलफ्फुज और सुरीली आवाज के पाकिस्तानी म्यूजिक लवर्स दीवाने रहे हैं। साल 2022 में जब लता मंगेशकर का निधन हुआ, तब पाकिस्तान की संसद से लेकर वहां के तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान और मशहूर सिंगर आतिफ असलम ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी थी। पाकिस्तान के सरकारी टीवी चैनल ने उनके सम्मान में विशेष शो प्रसारित किया था।
सोनू निगम
सोनू निगम ने कई पाकिस्तानी सिंगर्स के साथ काम किया है। उन्होंने मशहूर पाकिस्तानी सिंगर अतिफ असलम के साथ दुबई और अमेरिका में कई जॉइंट कॉन्सर्ट किए हैं। इन सभी कॉन्सर्ट की टिकटें मिनटों में बिक गई थीं, जो इस बात का सबूत है कि वहां लोग उन्हें कितना पसंद करते हैं। 90 और 20 के दशक में सोनू निगम के गाए रोमांटिक गानों ने पाकिस्तान में तहलका मचाया था।
उदित नारायण
शाहरूख खान, आमिर खान और सलमान खान की 90 के दशक की फिल्मों के चलते उदित नारायण की आवाज पाकिस्तान के कोने-कोने में पहुंच गई। 'दिल तो पागल है', 'कुछ कुछ होता है' और 'वीर-जारा' के गानों ने उन्हें वहां बहुत पॉपुलर कर दिया। पाकिस्तान की शादियों में उदित नारायण के रोमांटिक और डांस नंबर्स आज भी पहली पसंद किए जाते हैं।


