'पेरिस से मंगवाए थे असली पंख', हेलन ने बताया खुद की स्टाइलिश कॉस्ट्यूम्स का राज
एक्ट्रेस हेलेन को बॉलीवुड में उनकी कैबरे डांस परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। उन्होंने कई आइकॉनिक डांस नंबर किए हैं। अब हेलेन ने बताया है कि कैसे उनकी परफॉर्मेंस को खास बनाने के लिए वो कॉस्ट्यूम्स के लिए पेरिस-लंदन तक चली जाती थीं।

एक्ट्रेस और डांसर हेलेन को उनकी शानदार कैबरे डांस परफॉर्मेंस के लिए जाना जाता है। उन्होंने बॉलीवुड की तमाम फिल्मों में शानदार डांस नंबर से अपनी अनोखी पहचान बनाई। हेलेन के डांस के साथ-साथ उनके कॉस्ट्यूम्स को भी अनोखी पहचान मिली। अब हेलेन ने बताया कि अपने परफॉर्मेंस के कॉस्ट्यूम्स को अनोखा बनाने के लिए वो खुद एक्सेसरीज ढूंढती थीं।
हेलेन खुद ढूंढती थीं अपने कॉस्ट्यूम्स के लिए एक्सेसरीज
इंडियाज बेस्ट डांसर के एक एपिसोड में हेलेन स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंचीं। उन्होंने इस दौरान बताया कि वो खुद की कॉस्ट्यूम्स के लिए लंदन-पैरिस से सामान लाती थीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने खुद कई ऐसी एक्सेसरीज ढूंढीं जो उनके ग्लैमरस कैबरे गानों की पहचान बनीं।
केवल लोकल एक्सेसरीज पर निर्भर नहीं थीं हेलेन
हेलेन ने कहा कि वो हमेशा चाहती थीं कि उनके कॉस्ट्यूम्स अनोखे लगें। वो केवल लोकल एक्सेसरीज पर निर्भर नहीं होती थीं, वो विदेश तक जाती थीं ऐसी एक्सेसरीज ढूंढने जो उनके परफॉर्मेंस को एक अलग विजुअल पहचान दे सके।
हेलन पेरिस से लाई थीं असली पंख
उन्होंने बताया, “मैं लंदन गई और वहां से खास पलकों के साथ-साथ ग्रीन और ब्लू आई लेंस लेकर आई थी। मेरे हेडगियर्स मेरी हेयर ड्रेसर बनाती थी, मैं पेरिस तक गई थी अपनी कॉस्ट्यूम के लिए असली पंख लेने के लिए। मेरी ज्वेलरी, बड़े-बड़े चश्मे, और बाकी एक्सेसरीज- ये सब मैंने समय से आगे रहने के लिए चुने थे।”
हेलन के कुछ फेमस डांस नंबर
हेलन के कुछ फेमस गानों की बात करे तो उसमें डॉन फिल्म का गाना ये मेरा दिल, पिया तू अब तो आजा (कारवां), महबूबा महबूबा (शोले), आज की रात कोई आने को है (अनामिका) और ओ हसीना जुल्फों वाली (तीसरी मंजिल) जैसे डांस नंबर शामिल हैं।
जावेद जाफरी ने की हेलन की तारीफ
इंडियाज बेस्ट डांसर के एपिसोड में जावेद जाफरी और करिश्मा कपूर ने फिल्मों में हेलन के योगदान को याद किया। जाफरी ने कहा कि उनके बोल्ड कॉस्ट्यूम्स, एलीगेंट परफॉर्मेंस और कॉन्फिडेंट स्क्रीन प्रेजेंस ने हिंदी फिल्मों में ग्लैमर को दिखाने की परिभाषा बदल दी थी। उन्होंने कहा कि अपने परफॉर्मेंस से उन्होंने ट्रेंड सेट किए और प्रेरणा बनीं।
करिश्मा कपूर ने बताया हेलन का सेट पर होता था बहुत सम्मान
करिश्मा कपूर ने बताया कि उनकी मां उन्हें बताती थीं कि जब भी हेलन सेट पर आती थीं, सब उनके सम्मान में शांत हो जाते थे, ठीक वैसे ही जैसे शम्मी कपूर के आने पर होता था।"
हेलन के करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1951 में आई बॉलीवुड फिल्म आवारा में बैकग्राउंड डांसर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था। उन्हें पहला सोलो डांस ब्रेक 1954 में आई फिल्म अलिफ लैला में मिला था।


