गोविंदा संग रिश्ते पर सवाल उठाने वाले सेलेब्स पर भड़कीं रानी स्वर्णकार, बोलीं- तब इन्हें शर्म नहीं आती?
रानी स्वर्णकार ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट करके उन सेलेब्स पर निशाना साधा है जो उनके और गोविंदा के रिश्ते पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने साफ किया है कि वो गणेश पंडाल में गोविंदा के साथ अपनी फिल्म की कामयाबी के लिए आशीर्वाद लेने पहुंची थीं।

गोविंदा और एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार को लेकर सोशल मीडिया पर पिछले कुछ वक्त से बातें चल रही हैं। इन बातों को उस वक्त और हवा मिली जब गोविंदा और रानी साथ में लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे। गोविंदा और रानी को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ सेलेब्स भी बातें कर रहे हैं। हाल ही में दिव्या खोसला कुमार ने बिना किसी का नाम लिए रानी पर तंज कसा था। अब रानी ने भी बिना किसी का नाम लिए उन सेलेब्स पर निशाना साधा है जो गोविंदा और उनके रिश्ते को लेकर बाते कर रहे हैं।
किन लोगों पर फूटा रानी का गुस्सा?
रानी स्वर्णकार ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट की है। इस स्टोरी में रानी ने लिखा- हाल ही में मैंने देखा कि कुछ सेलेब्स खुलकर मेरे और गोविंदा जी की पर्सनल लाइफ और हमारे चरित्र पर कमेंट कर रहे हैं। लेकिन मैंने इन लोगों को कभी आतंकवाद, राजनीति, किसी एक्टर के निधन या किसी और एक्टर की एक से ज्यादा शादियों जैसे किसी गंभीर मुद्दे पर अपनी राय रखते नहीं देखा है। फिर क्यों हमारी पर्सनल लाइफ का तमाशा बनाया जा रहा है और क्यों लोगों को लग रहा है वो इसपर कमेंट कर सकते हैं?
ये भी पढ़ें: गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार पर फिर फूटा दिव्या खोसला का गुस्सा, बोलीं- उसकी मांग में सिंदूर...',
गोविंदा के साथ लालबागचा गई थीं रानी
रानी ने आगे लिखा- अपनी फिल्म की सफलता की कामना के लिए अपने हीरो के साथ गणपति बप्पा के सामने जाना कब से शर्म की बात, राष्ट्रीय मुद्दा या दिखावा हो गया? और जब यही तथाकथित सेलेब्स अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए मेल एक्टर के साथ अलग-अलग जगहों पर जाते हैं, तब इन्हें शर्म नहीं आती?
रानी ने बोला- फिल्म प्रमोट करने पहुंची थीं एक्ट्रेस
रानी ने लिखा- हमने अपनी फिल्म का ऐलान किया था न कि अपने रोमांटिक अफेयर का। तो आप कौन होते हैं ये तय करने वाले कि हमारा साथ में आना इसलिए था क्योंकि हम अपनी पर्सनल रिलेशनशिप दिखा रहे थे न कि अपनी फिल्म को प्रमोट कर रहे थे। हम साथ में काम कर रहे हैं और ऐसे ही साथ में दिखते रहेंगे। अगर इससे किसी को समस्या हो रही है तो उन्हें जलने दीजिए।
रानी ने कसा तंज
रानी ने आगे लिखा कि कुछ हिरोइनें जिनका करियर ठंडा पड़ चुका है वो दूसरों के विवादों में घुसकर लाइमलाइट में रहने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसे लोगों से सिंदूर, शादी या भारतीय संस्कृति पर सीख लेने की जरूरत नहीं है जो खुद सिंदूर का मजाक उड़ाती हैं या जिनकी खुद की शादी टूट रही हो। उन्होंने कहा कि वो ऐसी महिलाओं को इस लायक नहीं समझती हैं जो उन्हें जज करें। खासकर वो महिलाएं जो ऐसे लोगों को आइडल मानती हैं और समर्थन करती हैं जिन्होंने पूरी जिंदगी रात भर शराब पीने, दूसरे मर्दों के साथ कई अफेयर्स करने और बुढ़ापे में तीन पुरुषों के साथ वन-नाइट स्टैंड के बारे में सोचा हो। गोविंदा की एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें फर्क नहीं पड़ता ऐसे लोग उनके बारे में क्या कह रहे हैं।
बता दें, गणेश उत्सव के दौरान रानी और गोविंदा को लालबागचा के दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने देखा कि रानी की मांग में सिंदूर लगा है। इसके बाद सिंदूर को लेकर चर्चा होने लगी।हालांकि, बाद में रानी की तरफ से साफ किया गया कि जब वो भगवान गणशे का आशीर्वाद लेने के लिए उनके चरणों में झुकीं, तब उनके सिंदूर लग गया था।


