स्पाइडर मैन के साथ बंजारे बॉयज का कोलैबोरेशन, कभी स्कूल में हरियाणवी बोलने पर भरना पड़ता था फाइन
सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले बैरण गाना छाया हुआ था। इस गाने को गाने वाले दोनों भाइयों का नया गाना बरसात हाल ही में रिलीज हुआ था। बरसात गाने का एक कोलैबोरेशन हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर मैन: अ ब्रैंड न्यू डे के साथ हुआ है।

सोशल मीडिया या यूट्यूब पर अबतक आपने बंजारे बॉयज का गाना ‘बरसात’ ‘स्पाइडर मैन: ब्रैंड न्यू डे’ के विजुअल्स के साथ देख लिया होगा। ये कोई फैन द्वारा बनाई गई वीडियो नहीं है। बल्कि सोनी म्यूजिक ने आधिकारिक तौर पर इस वीडियो को रिलीज किया है। बंजारे बॉयज का स्पैइडर मैन वाला कोलैबोरेशन देख फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं। बंजारे बॉयज अनुज और सुमित भी इस कोलैबोरेशन को लेकर काफी खुश हैं।
स्पाइडर मैन के साथ हरियाणवी गाने का कोलैबोरेशन
स्पाइडर मैन के प्रमोशनल वीडियो में बरसात गाना होने को लेकर अनुज और सुमित ने लाइव हिन्दुस्तान के साथ खास बातचीत में बताया कि उन्हें इस चीज की काफी खुशी है कि उनका गाना हॉलीवुड की फिल्म के प्रमोशनल वीडियो में इस्तेमाल हुआ है।
हरियाणवी बोलने पर स्कूल में लगता था फाइन
बंजारे बॉयज ने कहा, “भाई बहुत खुशी हुई, बहुत मजा आया। हमारी क्षेत्रीय भाषा को वहां तक पहचान मिली। हरियाणवी भाषा को लेकर दुविधा रहती थी। जब स्कूल में होते थे तो फाइन लगते थे। हरियाणा के स्कूलों में हरियाणवी बोलने पर फाइन लगता था।”
उन्होंने बताया कि उनपर स्कूल में हरियाणवी भाषा बोलने के लिए 100-150 रुपये का फाइन लगा था। दोनों भाइयों ने कहा कि फाइन के बावजूद भी उन लोगों ने कभी हरियाणवी भाषा को छोड़ा नहीं और इसी की वजह से वो लोग यहां हैं।
बंजारे ने क्यों चुना स्पाइडर मैन प्रोजेक्ट?
बंजारे बॉयज ने कहा कि उन्होंने स्पाइडर मैन वाला प्रोजेक्ट इसलिए चुना ताकि वो नए बच्चों तक अपनी क्षेत्रिय भाषा पहुंचा सकें। उन्होंने कहा, “हमने इसलिए ये प्रोजेक्ट चुना था क्योंकि जो नए बच्चे हैं, जो स्पाइडर मैन से जुड़ते हैं, स्पाइडर मैन को देखते हैं सुपरहीरो के तौर पर तो उनमें कितना कॉन्फिडेंस आएगा अपनी बोली को लेकर।”
‘बरसात’ गाने के बारे में बात करते हुए बंजारे बॉयज ने बताया कि ये गाना लड़की के प्वाइंट ऑफ व्यू से कही गई कहानी है। उन्होंने कहा कि वो जो पढ़ते हैं, देखते हैं उन्हीं से उनके गाने निकलते हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी की ही लाइफ की कहानी है।
बंजारे बॉयज को बॉलीवुड से भी मिल रहे हैं ऑफर
दोनों भाइयों ने इस बातचीत के दौरान खुलासा किया कि उन्हें बॉलीवुड से भी अप्रोच किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बहुत सारे लोग उन्हें अप्रोच कर रहे हैं और उनकी बातें भी चल रही हैं। दोनों भाइयों ने कहा- आप लोग जुड़े रहिए, निराशा नहीं होगी।
सोशल मीडिया पर क्या बोल रहे हैं लोग?
सोनी म्यूजिक के स्पाइडर मैन x बंजारे वीडियो पर अबतक 13 मिलियन से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं। हरियाणवी भाषा को ग्लोबल लेवल तक पहुंचाने के लिए लोग अनुज और सुमित को बधाई दे रहे हैं। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा- मैं बहुत खुश और हैरान हूं कि एक इंडी रीजनल आर्टिस्ट स्पाइडर मैन जैसी फ्रैंचाइजी के साथ कोलैबोरेट कर रहे हैं। एक दूसरे यूजर ने लिखा- जिसका भी ये कोलैबोरेशन का आइडिया था, भाई आपकी सैलरी बढ़नी चाहिए। एक ने कहा- हरियाणा को ग्लोबल लेवल तक पहुंचाने के लिए बंजारे का धन्यवाद।


