Drishyam 3 की टिकट बुक करने का है प्लान? पढ़ें पार्ट 1 और 2 की क्या थी कहानी

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

2 अक्टूबर को विजय सलगांवकर एक बार फिर पुलिस को चकमा देने के लिए लौट रहे हैं। अगर आप दृश्यम 3 देखने का प्लान कर रहे हैं तो टिकट बुक करने से पहले एक बार पार्ट 1 और 2 की कहानी जरूर पढ़ लीजिएगा। 

Drishyam 3
दृश्यम 3 से पहले पढ़ें

दृश्यम 3 का इंतजार कर रहे फैंस का इंतजार खत्म होने को है। 2 अक्टूबर को फिल्म की तीसरी और आखिरी किश्त रिलीज होने वाली है। दृश्यम की गिनती बॉलीवुड की बेस्ट सस्पेंस थ्रिलर फिल्मों में की जाती है। पहले दो पार्ट्स में दर्शकों को बढ़िया सस्पेंस मिला था। अब पार्ट 3 से भी दर्शकों को कुछ ऐसी ही उम्मीद है। अगर आप फिल्म का तीसरा पार्ट देखने का प्लान कर रहे हैं, तो यहां पढ़िए कि फिल्म के पहले दो पार्ट्स की कहानी कहां खत्म हुई थी।

दृश्यम (2015)

अजय देवगन की दृश्यम साल 2015 में रिलीज हुई थी। फिल्म की कहानी विजय सालगांवकर के परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की कहानी एक साधारण परिवार की कहानी है जो एक ऐसा गुनाह कर देती है जिससे बच पाना उनके लिए मुमकिन नहीं लगता है, लेकिन चौथी फेल विजय सालगांवकर अपनी सूझबूझ से पुलिसवालों के इर्द-गिर्द एक ऐसा जाल बुनता है जो हर किसी को हैरान कर देता है और परिवार के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलता है।

क्या है दृश्यम (2015) की शुरुआत?

दृश्यम की शुरुआत विजय सालगांवकर से होती है। विजय गोवा में मिराज नाम से एक टीवी केबल चलाता है। वो अपने ऑफिस में रात-रातभर रुक कर फिल्में देखता है। फिल्म दिखाती है विजय को गोवा में सब पसंद करते हैं। वहीं, गोवा में मार्टिन का एक कैफे होता है। इस कैफे में ही विजय अपना ज्यादातर खाली वक्त बिताता है। इसी कैफे के सामने होता है एक पुलिस स्टेशन।

एक रात में पलट जाती है फिल्म की कहानी

विजय की गोद ली हुई बेटी अंजू एक स्कूल ट्रिप पर जाती है। वहां, उस ट्रिप पर आईजी मीरा देशमुख (तबू) का बेटा सैम भी मौजूद होता है। ट्रिप तो खत्म हो जाती है, लेकिन आईजी का बेटा अंजू को परेशान करना नहीं छोड़ता है। एक रात वो लड़का अंजू के घर पहुंच जाता है। वो अंजू को चुपके सी ली गई तस्वीरें दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू करता है। उसी रात में फिल्म की पूरी कहानी पलट जाती है।

आईजी के बेटे का मर्डर

2 और 3 अक्टूबर की एक पूरी झूठी कहानी

अंजू और नंदिनी के हाथ से सैम का खून हो जाता है। विजय जब अपने ऑफिस से लौटता है तो उसे सब कुछ पता चलता है। इसके बाद अपने पूरे परिवार को पुलिस से बचाने के लिए विजय सालगांवकर 2 और 3 अक्टूबर की एक पूरी झूठी कहानी बुनता है। वो अपने आसपास के हर किसी को ये यकीन दिलाने में कामयाब हो जाता है कि घटना वाली रात वो गोवा में था ही नहीं।

मर्डर छिपाने की साजिश

गायतोंडे और विजय की दुश्मनी

विजय की कहानी पर हर कोई यकीन कर लेता है, लेकिन सब-इंस्पेक्टर गायतोंडे को विजय की कहानी पर बिल्कुल यकीन नहीं होता है। वो आईजी मीरा को विजय पर शिकंजा कसने को कहता है। मीरा को पता है कि उसके बेटे के गायब होने में विजय का हाथ है, लेकिन वो इस चीज को साबित नहीं कर पाती है।

क्या था दृश्यम का अंत?

फिल्म के क्लाइमेक्स की बात करें तो इस फिल्म के अंत में राज खुलता है कि विजय ने सैम की लाश को कहां छिपाया है। सैम के माता-पिता देश को छोड़कर जाने का फैसला लेते हैं। वो विजय से आखिरी बार मिलते हैं, लेकिन उस वक्त भी विजय उन्हें कुछ भी नहीं बताता है। वो बस कहता है कि उन लोगों को उसका इंतजार नहीं करना चाहिए।

आईजी मीरा देशमुख

दृश्यम 2 (2022) के बारे में

दृश्यम 2 की बात करें तो विजय अब एक केबल टीवी ऑपरेटर के साथ-साथ सिनेमाहॉल का मालिक बन चुका है। विजय का परिवार एक बार फिर से साधारण जीवन जीने लगता है, लेकिन इस बार विजय के जीवन में एक ऐसे शख्स की एंट्री होती है जिसने विजय को उस रात पुलिस स्टेशन की बन रही बिल्डिंग से बाहर निकलते देखा होता है।

दृश्यम 2 की कहानी की शुरुआत

आईजी मीरा और उसके पति अपने बेटे के पुण्यतिथि पर एक बार फिर गोवा लौटते हैं। सैम के पिता विजय से मिलकर कहते हैं कि वो बस सैम की अस्थियां दे दें। विजय उन्हें कहता है कि वो इसमें उनकी कोई मदद नहीं कर सकता है। आईजी मीरा में अब भी विजय के खिलाफ गुस्सा है। वो अपने बेटे के बारे में जानना चाहती है। वो कहती है कि कुछ लोग हैं जिन्हें वो बिल्कुल माफ नहीं कर पाएंगी।

दृश्यम 2

राइटर मुराद अली का रोल

पार्ट 2 में दिखाया गया है कि विजय एक फिल्म भी प्रोड्यूस करने वाला है। इस सिलसिले में वो राइटर मुराद अली से मिलता है। फिल्म की कहानी में तब ट्विस्ट आता है जब विजय के खिलाफ वही शख्स गवाही देता है कि उसने उस रात विजय को पुलिस स्टेशन से निकले देखा है।

विजय के खिलाफ पुलिस का जाल

इस फिल्म में अक्षय खन्ना भी हैं। उन्होंने फिल्म में आईजी तरुण अहलावत का रोल निभाया है। तरुण अपनी दोस्त मीरा देशमुख की मदद करने के लिए केस सुलझाने का फैसला लेता है। इस बार विजय के खिलाफ पूरा एक जाल बिछाया जाता है। विजय की पत्नी को जेनी के रूप में एक पड़ोसी मिलती है जो पड़ोसी नहीं बल्कि पुलिस के लिए काम कर रही होती है। जेनी के जरिए पुलिस को रिकॉर्डिंग मिलती है कि सैम के साथ क्या हुआ था।

विजय सालगांवकर की गिरफ्तारी

एक बार फिर विजय के परिवार को गिरफ्तार किया जाता है। उन्हें डराया-धमकाया जाता है। अपने परिवार को बचाने के लिए विजय पुलिस के सामने कहता है कि उसने ही सैम का खून किया है। विजय गिरफ्तार हो जाता है, पुलिस स्टेशन से एक लाश भी मिलती है। लेकिन विजय की जब कोर्ट में पेशी होती है तब एक ऐसा ट्विस्ट आता है जो दर्शकों ने सोचा भी नहीं होता है।

एक बार फिर कानून की पकड़ से दूर विजय सालगांवकर

विजय सैम को मारने की पूरी घटना को एक किताब में उतार देता है। लेकिन वो मुराद अली को इस चीज के लिए मना लेता है कि वो उस किताब को अपने नाम से पब्लिश करे। किताब में हर चीज की जानकारी होती है। ऐसे में विजय के वकील अदालत में कहते हैं कि विजय को फंसाने के लिए पुलिसवालों ने दृश्यम (किताब) की कहानी का सहारा लिया है और एक बार फिर विजय जेल से बाहर होता है। हालांकि, इस बार विजय गुमनाम तरीके से मीरा और महेश को सैम की अस्थियां पहुंचा देता है।

दृश्यम 2

दृश्यम 3 के बारे में

अब तीसरे पार्ट में विजय के खिलाफ मीरा के साथ-साथ राजीव सिंह तोमर (जयदीप अहलावत) भी खड़े हैं। तीसरे पार्ट में दर्शकों को विजय सालगांवकर का अपने परिवार को बचाने के लिए आखिरी दाव देखने को मिलेगा। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को अभिषेक पाठक ने डायरेक्ट किया है।

किस ओटीटी पर मिलेगी दृश्यम 1 और 2?

अगर आप दृश्यम 3 से पहले दृश्यम 1 और 2 दोबारा देखने चाहते हैं तो इस फिल्म को आप प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। अजय देवगन की इन दोनों फिल्मों की आईएमडीबी रेटिंग 8.2 है।

Harshita Pandey

लेखक के बारे में

Harshita Pandey

हर्षिता पांडे पिछले सात साल से अधिक से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में एंटरटेनमेंट सेक्शन में काम कर रही हैं।


विस्तृत बायो

मनोरंजन जगत की खबरों में दिलचस्पी रखने वाली हर्षिता पांडे को डिजिटल मीडिया में 7 साल से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में एंटरटेनमेंट सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर काम कर रही हैं। अप्रैल 2024 से हर्षिता पांडे लाइव हिंदुस्तान के साथ जुड़ी हैं। यहां वह सेलेब्स इंटरव्यू लेती हैं, फिल्मों, टीवी शोज और ओटीटी सीरीज पर खबरें बनाने के साथ साथ उनकी समीक्षा और बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स पर काम करती हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और करियर की शुरुआत

2017 में मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में बैचलर्स की डिग्री पाने के बाद उन्होंने रेडियो एंड टीवी जर्नलिज्म में डिप्लोमा हासिल किया और फिर आजतक से अपने करियर की शुरूआत की, जहां उन्होंने 5 साल से अधिक काम किया।


एंटरटेनमेंट और विजन

फिल्म, ओटीटी और टीवी शोज में हर्षिता की अच्छी पकड़ है। उनका लक्ष्य पाठकों तक सटीक, प्रमाणिक और सशक्त जानकारी देना है।


विशेषज्ञता
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
ओटीटी सीरीज (बॉलीवुड और हॉलीवुड) का रिव्यू
सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव इंटरव्यू
बॉलीवुड फिल्मों के रिव्यूज
साउथ की फिल्में और टीवी रियलिटी शोज से जुड़े अपडेट्स
फिल्मी पर्दे पर दिखाई जा रही कहानियों के पीछे के किस्से पाठकों तक पहुंचाना

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bollywood News, Movie Review, Box Office Collection, TV, Web Series OTT Release और Bhojpuri Cinema News पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsएंटरटेनमेंट न्यूज़बॉलीवुडDrishyam 3 की टिकट बुक करने का है प्लान? पढ़ें पार्ट 1 और 2 की क्या थी कहानी