
श्रद्धा कपूर की वजह से डायरेक्टर को पड़ीं थीं गालियां, बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थी यह फिल्म
श्रद्धा कपूर जिस फिल्म का हिस्सा बन जाएं उसका ग्लैमर बढ़ा देती हैं, लेकिन एक फिल्म ऐसी भी थी जिसमें उन्हें कास्ट किए जाने की वजह से निर्देशक को गालियां पड़ गईं।
साल 2017 में आई फिल्म 'हसीना पार्कर' को बनाने में 18 करोड़ रुपये खर्च हुए थे लेकिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसकी कुल कमाई महज 8 करोड़ रुपये रही। फिल्म बुरी तरह पिटी थी और इसमें श्रद्धा कपूर को लीड रोल में कास्ट करने के लिए निर्देशक अपूर्व लखिया को जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। फिल्म में श्रद्धा कपूर ने दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पार्कर का किरदार निभाया था जिसने क्राइम की दुनिया में कदम रखा तो अंडरवर्ल्ड की दुनिया का एक चर्चित नाम बन गई।
श्रद्धा को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे लोग
श्रद्धा कपूर ने बॉलीवुड को रोमांटिक ड्रामा फिल्मों से लेकर यूथ लव स्टोरीज तक और म्यूजिक हिट्स से लेकर हॉरर कॉमेडी तक दी हैं। लेकिन उन्हें हसीना पार्कर जैसे किरदार में कास्ट करना एक बड़ा दांव था। यही वजह थी कि यह लोगों के लिए काफी शॉकिंग भी था। लोग श्रद्धा कपूर को इस किरदार में बावजूद हेवी मेकअप के स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। कई लोगों का यह भी दावा था कि श्रद्धा कपूर अपनी फिजीक और अपीयरेंस की वजह से मेकअप के बावजूद हसीना के किरदार में जंच नहीं रही हैं।
यूं आया था यह फिल्म बनाने का विचार
फिल्म के निर्देशक अपूर्व लखिया ने बाद में एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि उनका यह दाव बुरी तरह फेल कर गया था। उन्होंने बताया कि श्रद्धा को कास्ट करने के लिए उन्हें गालियां पड़ी थीं। रिडिफ के साथ बातचीत में निर्देशक लखिया ने कहा, “मुझे असल में दाऊद इब्राहिम पर फिल्म ऑफर की गई थी, लेकिन मुझे लगा कि उस पर पहले ही काफी काम हो चुका है। फिर मुझसे कहा गया कि मैं उसकी बहन और परिवार से एक बार मिल लूं। तो इस तरह हसीना पार्कर के साथ मेरी मुलाकात अरेंज की गई।”
श्रद्धा कपूर की कास्टिंग पर पड़ीं गालियां
अपूर्व लखिया ने बातचीत के दौरान बताया, "जब मैंने उसे (श्रद्धा कपूर) को कास्ट किया तो हर किसी ने मुझे गालियां दीं। लेकिन जब उनका फर्स्ट लुक सामने आया तो हर किसी ने कहा कि जीनियस काम किया है।" निर्देशक ने श्रद्धा कपूर को कास्ट करने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, "श्रद्धा को कास्ट करने की वजह यह थी कि हसीना का सफर शुरू होता है जब वो 17 साल की थी। जब उसकी शादी हुई। अगर श्रद्धा नहीं तो मुझे 17 से 25 की रेंज में किसी और को कास्ट करना पड़ता। श्रद्धा एक 75 साल की औरत के किरदार में आसानी से ढल हो जाती। तो उसे कास्ट करने के पीछे मेरी यही सोच थी। यह एक तुक्का था।"

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




