रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में क्राइम पेट्रोल के एक्टर की एंट्री, निभाएंगे राजा जनक का किरदार
रणबीर कपूर की रामायण में टीवी का ये एक्टर बनने वाला है राजा जनक। इस एक्टर को आपने क्राइम पेट्रोल, सावधान इंडिया जैसे टीवी शोज में देखा होगा। पहचानिए कौन है ये एक्टर जो रणबीर की रामायण में निभा रहा है अहम किरदार।

रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' का इंतजार हो रहा है। फिल्म की जबरदस्त कास्ट इसकी सबसे बड़ी खासियत मानी जा रही है। कुछ समय पहले रिलीज हुए ट्रेलर में कुछ किरदारों से पर्दा हटा दिया गया था, लेकिन कई ऐसे किरदार हैं जिनके बारे में कम ही जानकारी सामने आई है। अब इस बीच फिल्म में साई पल्लवी के पिता राजा जनक बनने वाले एक्टर का पता चल गया है। टीवी सीरियल की दुनिया में अपने किरदारों से मशहूर हुए एक्टर राजीव कुमार राजा जनक बने नजर आ सकते हैं।
रणबीर की रामायण के राजा जनक?
ऑनलाइन पोस्ट के मुताबिक राजीव कुमार फिल्म में माता सीता के पिता राजा जनक के किरदार में नजर आएंगे। राजीव कुमार ने अपने सोशल मीडिया पर फिल्म का ट्रेलर शेयर करते हुए हिंट दिया था कि वो इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। एक्टर ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, ‘रामायण की विरासत का जश्न मनाने वाले सफर का हिस्सा बनना शब्दों से परे एक सौभाग्य है। मैं बेहद आभारी हूं। यह है राम के युग का आरंभ।’
राजीव कुमार बनेंगे राजा जनक
रिपोर्ट के मुताबिक राजीव कुमार फिल्म 'रामायण' में सीता माता के पिता राजा जनक के किरदार में होंगे। फिल्म में साई पल्लवी उनकी बेटी सीता बनी नजर आएंगी। रामायण में राजा जनक का अहम योगदान होने वाला है। फिल्म में कुछ जरूरी सेगमेंट में ये किरदार नजर आने वाला है जो अंत तक इस फिल्म हिस्सा बना नजर आएगा।
राजीव कुमार के टीवी शो
राजीव कुमार को ऑडियंस ने सावधान इंडिया, क्राइम पेट्रोल, सास बिना ससुराल, अदालत, CID, छोटी बहू जैसे सीरियल में देखा होगा। एक्टर ने फिल्मों में भी काम किया है। अजय देवगन की भुज में उन्होंने एक छोटा किरदार निभाया था। यामी गौतम की फिल्म आर्टिकल 370, मनोज बाजपयी की फिल्म गवर्नर, द केरला स्टोरी 2 में देखा गया है। अब राजीव, रणबीर कपूर की रामायण में नजर आएंगे।
अब तक इन एक्टर ने निभाया राजा जनक का किरदार
बता दें, इससे पहले रामानंद सागर की रामायण में राजा जनक का किरदार मूलराज राजदा ने निभाया था। इनके बेटे समीर राजदा वहीं हैं जो रामायण में शत्रुघ्न बने थे। बाप-बेटे की इस जोड़ी ने अपने किरदारों से खूब कमाल किया था। 2002 की रामायण में राजा जनक का किरदार एक्टर प्रवीण शर्मा ने निभाया , 2008 में आई रामायण में यही किरदार ज्ञान प्रकाश ने निभाया, बिजय आनंद ने 2015 में बनी टीवी सीरीज सिया के राम और वहीं जतिन लालवानी ने 2024 की रामायण श्रीमद रामायण में राजा जनक बने थे।
रामायण की रिलीज
नितीश तिवारी की रामायण की बात करें तो फिल्म का पहला भाग दिवाली के मौके पर दस्तक देने वाला है। रिपोर्ट के मुताबिक 6 नवंबर को ये फिल्म दुनियाभर में रिलीज होने वाली है। दो दिन बाद यानी 8 नवंबर को भारत के थिएटर में दस्तक देगी।


