CM फडणवीस के सामने Samay Raina ने उड़ाया महाराष्ट्र साइबर सेल का मजाक, हंसने लगे पंकज त्रिपाठी
महाराष्ट्र साइबर अवेयरनेस पहल में योगदान के लिए समय रैना सहित पंकज त्रिपाठी, शरद केलकर, सोनाली बेंद्रे जैसे सितारे मौजूद थे।

फेमस कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बुधवार को एक ही मंच पर नजर आए। दरअसल, दोनों मुंबई में साइबर-अवेयरनेस इवेंट में शामिल हुए। इवेंट में समय ने महाराष्ट्र साइबर की जमकर तारीफ की। यही नहीं, समय ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का जिक्र किया और बताया कि उन्होंने यह नंबर अपने फोन में सेव कर रखा है। समय ने इस नंबर को सेव रखने की वजह को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि कई बार इसी नंबर से उन्हें फोन आ जाता है। यही नहीं, मुंबई में साइबर-अवेयरनेस इवेंट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समय रैना को सम्मानित किया।
समय रैना सहित सम्मानित हुए ये सितारे
महाराष्ट्र साइबर अवेयरनेस पहल में योगदान के लिए समय रैना सहित पंकज त्रिपाठी, शरद केलकर, सोनाली बेंद्रे, आशीष विद्यार्थी, जावेद जाफरी और मंगेश देसाई जैसे एक्टर्स और सिंगर सुनिधि चौहान को भी सम्मानित किया गया। इस इवेंट के दौरान, फडणवीस ने साइबर-अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म 'डिजिटल अरेस्ट' और 1930 महाराष्ट्र साइबर एंथम लॉन्च किया।
समय रैना ने '1930' पर मजाक किया
इस कार्यक्रम के दौरान समय रैना ने महाराष्ट्र साइबर सेल के साथ अपनी पिछली बातचीत का हल्का-फुल्का मजाक उड़ाया, जिसने पूरे माहौल को हंसी से भर दिया। रैना ने कहा, '1930 सच में एक बढ़िया नंबर है। मैंने इसे सेव करके रखा है, क्योंकि मुझे अक्सर वहां से फोन आते हैं।' समय की ये बात सुनकर कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग जोर से हंस पड़े। उन्होंने साइबर सेल के एक्टिव होने की तारीफ भी की और मजाक में कहा कि इसके अधिकारी लोगों को ट्रैक कर सकते हैं, चाहे वे भारत में हों या अमेरिका में।
'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद का किया जिक्र
रैना ने मजाक में यह भी कहा कि किसी साइबर सेल अफसर का कॉमेडियन के घर जाकर उसे 'उठा ले जाना' अजीब बात है। दरअसल, समय ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद के सिलसिले में महाराष्ट्र साइबर द्वारा पहले की गई पूछताछ का जिक्र करते हुए यह बात कही। बता दें कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर समय को काफी ट्रोल किया गया था। यही नहीं समय का शो भी बंद हो गया था।


