'घटिया एनिमेशन' के लिए ट्रोल हुई थी यह चीनी फिल्म, अब छाप रही करोड़ों, दिलचस्प है कहानी
Niu Lai: चीनी एनिमेशन मूवी 'निउ लाई' रिलीज के बाद काफी ट्रोल हुई थी। चलिए जानते हैं क्या है इसकी कहानी और क्यों इसका एनिमेशन ऐसा रखा गया है।

पिछले कुछ दिनों में आपने सोशल मीडिया पर इस फिल्म का कोई सीन या फोटो मीम के तौर पर जरूर देखी होगी। हम बात कर रहे हैं हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'निउ लाई' के बारे में। रिलीज के बाद इसे इंटरनेट पर 'साल 2026 की सबसे घटिया फिल्म' कहकर ट्रोल किया गया था। यह मूवी चीन में 5 अगस्त को रिलीज हुई थी, माना जा रहा था कि मेकर्स को भारी नुकसान होगा। हालांकि रिलीज के बाद धीरे-धीरे यह बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ने लगी और चीनी टिकटिंग प्लेटफॉर्म माओयान के डाटा के मुताबिक यह अभी तक 20 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।
क्या है फिल्म 'निउ लाई' की कहानी?
'निउ लाई' या 'द काऊ इज कमिंग' (The Cow is Coming) हमें एक नवजात बछड़े की कहानी सुनाती है। एक बछड़ा जिसने अपनी अभी तक की जिंदगी सिर्फ अपनी मां के साए में या फिर अपने झुंड के साथ रहा है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वह एक चिड़िया का पीछा करते हुए एक अलग ही सपनों की दुनिया में खो जाता है। एक वक्त ऐसा भी आता है जब उसकी जान पर बन आती है। आजकल जहां हर फिल्म में जबरदस्त VFX और असली जैसे लगने वाले एनिमेशन्स देखने को मिलते हैं, वहीं इस फिल्म में मेकर्स ने अलग तरह का प्रयोग किया है। इस मूवी का एनिमेशन वैसा है, जैसा हमें बिलकुल शुरुआती दौर में देखने मिलता था।
एनिमेशन की वजह से हुई थी ट्रोलिंग
कहानी सुनने में बड़ी दिलचस्प लगती है ना? लेकिन इसका प्रेजेंटेशन उतना ही रूखा और बेजान है। इस एनिमेशन मूवी को बहुत ही सरल कंप्यूटर ग्राफिक्स पर बनाया गया है। किरदारों के डायलॉग्स और उनकी बातचीत शायद जान बूझकर बहुत अटपटी रखी गई है। इतनी कि कई बार आपको यह समझने में ही बहुत ध्यान लगाना पड़ता है कि किरदार क्या कह रहा है। इस फिल्म की बहुत लो स्टैंडर्ड एनिमेशन शैली इंटरनेट पर खूब वायरल हुई। इसे लेकर तरह-तरह के रिएक्शन्स आने शुरू हो गए। ट्रोलिंग खूब हुई, लेकिन अब गेम बदलता दिख रहा है।
आखिर क्यों बनाया ऐसा एनिमेशन?
सोशल मीडिया पर किसी ने इसे स्टूडेंट प्रोजेक्ट कहकर ट्रोल किया तो किसी ने कहा कि इससे अच्छा तो AI से बना लेते। हालांकि आपको बता दें कि कई बार मेकर्स जान-बूझकर भी ऐसा करते हैं। फिल्म और वीडियो एडिटिंग एक्सपर्ट्स की मानें तो मेकर्स अपनी कहानी को डिलीवर करने के लिए बेस्ट पॉसिबल मीडियम चुनते हैं और कई बार जान बूझकर ऑडियो ऐसा रखते हैं कि लोग कहानी की तरफ ध्यान दें। हालांकि अब ऐसा लगता है कि मेकर्स की रणनीति काम आई, क्योंकि चीनी बॉक्स ऑफिस पर यह मूवी बड़ी फिल्मों में अपनी जगह बनाती दिख रही है।


