'पहले विशेषज्ञों को दिखाई जानी चाहिए छावा', विकी कौशल की फिल्म पर बोले उदय सामंत
- विकी कौशल की अपकमिंग फिल्म फिर एक बार सुर्खियों में आ गई है। उदय सामंत ने फिल्म को रिलीज से पहले विशेषज्ञों को दिखाने की बात कही है।

बॉलीवुड एक्टर विकी कौशल की अपकमिंग फिल्म 'छावा' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म में विकी कौशल छत्रपति शिवाजी के बेटे संभाजी महाराज के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म के ट्रेलर ने ऑलरेडी धूम मचा दी है और अब दर्शकों को इसकी रिलीज का इंतजार है। इस बीच महाराष्ट्र सरकार के मंत्री उदय सामंत ने शनिवार को कहा कि विकी कौशल की फिल्म 'छावा' सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले कुछ विशेषज्ञों को दिखाई जानी चाहिए। इससे पहले संभाजीराजे छत्रपति ने भी फिल्म को पहले इतिहासकारों को दिखाए जाने की बात कही थी। फिल्म 'छावा' टीजर की रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है।
मिनिस्टर उदय सिंह ने एक X पोस्ट में लिखा कि इस मामले में तुरंत एक्शन लिया जाना चाहिए और जितनी भी आपत्तिजनक चीजें फिल्म में दिखाई गई हैं उन्हें हटाया जाना चाहिए। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "यह खुशी की बात है कि धर्म और आजादी के रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक हिंदी फिल्म बनाई जा रही है। दुनिया को छत्रपति का इतिहास समझाने के लिए ऐसे प्रयासों की जरूरत। हालांकि कई लोगों का कहना है कि इस फिल्म में कुछ आपत्तिजनक दृश्य हैं।"
सामंत ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "हमारा सुझाव है कि इस फिल्म को विशेषज्ञों और जानकारों को दिखाए बिना रिलीज़ नहीं किया जाना चाहिए।" उदय सामंत ने चेतावनी दी है कि छत्रपति संभाजी महाराज की सम्मान को ठेस पहुंचाया जाना कत्तई बर्ताश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "हमारा मानना है कि फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को इस मामले में तुरंत एक्शन लें और आपत्तिजनक चीजें हटा दें। फिल्म देखने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। वरना इसे रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।"
मालूम हो कि इससे पहले पूर्व राज्य सभा सांसद संभाजीराजे छत्रपति ने कहा था कि 'छावा' रिलीज से पहले इतिहासकारों को दिखाई जानी चाहिए, ताकि इसमें दिखाई गई चीजें सही हैं इस बात की तसल्ली की जा सके। ये सभी राजनैतिक बयान उस बीच आ रहे हैं जब विकी कौशल और रश्मिका मंदानी की इस फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ जगह विरोध और इसमें दिखाई जा रही चीजों को लेकर सवाल उठाए जाने का सिलसिला चल रहा है। फिल्म सिनेमाघरों में 14 फरवरी को रिलीज होने जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।