
Box Office: जॉली 3 से लेकर मिराई और होमबाउन्ड तक, 50% से ज्यादा गिरा इन फिल्मों का बिजनेस
संक्षेप: Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर अभी मिराई, ओजी, जॉली एलएलबी 3 और होमबाउन्ड जैसी फिल्में मौजूद हैं, लेकिन कमाई के मामले में कौन कहां ठहरती है, चलिए जानते हैं।
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अभी 3-4 बड़ी फिल्में मौजूद हैं, जिनमें से कुछ शानदार कमाई कर रही हैं तो कुछ के लिए लागत निकाल पाना भी मुश्किल नजर आ रहा है। साउथ के सुपरस्टार एक्टर तेजा सज्जा की एक्शन से लबरेज फिल्म 'मिराई' थिएटर्स में तीसरा हफ्ता पूरा करने जा रही है। रविवार को 1 करोड़ 35 लाख रुपये की कमाई करने के बाद मंगलवार को इस फिल्म की कमाई में 43.70% की गिरावट आई और सोमवार का कुल कलेक्शन महज 76 लाख रुपये रहा। मिराई की अभी तक की भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कुल कमाई 89 करोड़ 1 लाख रुपये हो चुकी है। अभी भी फिल्म हिंदी और तमिल वर्जन से सबसे ज्यादा कलेक्शन कर रही है।

दे कॉल हिम ओजी की 6वें दिन की कमाई
पिछले बुधवार को ही रिलीज हुई फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी' की कमाई में भी सोमवार को 53.78% की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को 18 करोड़ 50 लाख रुपये की कमाई करने के बाद फिल्म का मंडे कलेक्शन महज 8 करोड़ 55 लाख रुपये रहा। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का अभी तक का कुल कलेक्शन 148 करोड़ 75 लाख रुपये हो चुका है। जहां साउथ की ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही हैं, ऐसे में यह भी जान लेते हैं कि बॉलीवुड फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' का क्या हाल है।
जॉली LLB 3 की 12वें दिन की कमाई
कोर्टरूम ड्रामा फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 12 करोड़ 50 लाख रुपये की ओपनिंग मिली थी। सिर्फ एक हफ्ते में इसने 74 करोड़ रुपये कमा लिए थे, लेकिन अब जैसे-जैसे दूसरा हफ्ता पूरा होने जा रहा है, फिल्म की कमाई का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है। रविवार को 6 करोड़ 25 लाख रुपये कमाने के बाद सोमवार को फिल्म की कमाई में 52% की गिरावट आई और इसने महज 3 करोड़ रुपये कमाए। अभी तक फिल्म टोटल 93 करोड़ 5 लाख रुपये कमा चुकी है।
होमबाउन्ड की 5वें दिन की कमाई
बात 'होमबाउन्ड' की कमाई की करें तो भारत की तरफ से ऑस्कर में भेजी गई इस फिल्म की हालत खस्ता है। ओपनिंग डे पर महज 3 लाख रुपये कमाने वाली यह मूवी बमुश्किल अपना अस्तित्व कायम रखे हुए है। रविवार को 55 लाख रुपये कमाने के बाद सोमवार को कमाई का ग्राफ 58.18% नीचे आ गया और इसने सिर्फ 23 लाख रुपये कमाए। फिल्म की अभी तक की कुल कमाई 1 करोड़ 63 लाख रुपये रही है। मंडे टेस्ट ज्यादातर फिल्मों के लिए मुश्किल रहता है, लेकिन कुछ फिल्मों की हालत उनकी लागत के हिसाब से वाकई काफी खस्ता है।
[फिल्मों की कमाई के आंकड़े सैकनिल्क की रिपोर्ट्स से लिए गए हैं]

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




