
Box Office: 'हक' और 'द गर्लफ्रेंड' की हालत पतली, 'द ताज स्टोरी' ने अब तक कमाए इतने करोड़
Box Office Collection: इमरान हाशमी और यामी गौतम की हक से लेकर परेश रावल की द ताज स्टोरी तक का बॉक्स ऑफिस पर जानिए कलेक्शन।
बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म 'हक' बॉक्स ऑफिस पर धीरे-धीरे अपनी लागत निकालने की तरफ बढ़ रही है। बीते शुक्रवार को रिलीज हुई इस फिल्म ने रविवार को अपना अभी तक का हाइएस्ट कलेक्शन किया था, लेकिन उसके बाद से कमाई का ग्राफ नीचे जा रहा है। सोमवार को 1 करोड़ 5 लाख रुपये की कमाई करने के बाद मंगलवार को फिल्म का बिजनेस सवा करोड़ रुपये रहा और इस तरह इस फिल्म की भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 5वें दिन तक की कुल कमाई 11 करोड़ 25 लाख रुपये हो चुकी है। क्योंकि 'हक' का बजट ही 50 करोड़ रुपये के करीब है, तो ऐसे में अभी इसे काफी लंबा सफर तय करना बाकी है।
'द गर्लफ्रेंड' के लिए टिके रहना मुश्किल
वहीं इसके साथ ही बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई रश्मिका मंदाना की फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' इससे भी काफी पीछे है। रिलीज डेट पर 1 करोड़ 30 लाख रुपये कमाने वाली इस फिल्म का मंगलवार का कलेक्शन महज 80 लाख रुपये रहा है। बॉलीवुड पर बैक टू बैक ब्लॉकबस्टर हिट देती रहीं रश्मिका मंदाना की इस फिल्म की कमाई में काफी गिरावट आई है। ऐसे में यह लागत निकाल भी पाएगी इस बात की संभावना कम ही नजर आ रही है। फिल्म की 5वें दिन तक कुल कमाई महज 8 करोड़ 3 लाख रुपये हुई है।
13 दिन बाद 'द ताज स्टोरी' की कमाई?
जहां एक तरफ हाल ही में रिलीज हुई इन दोनों फिल्मों की हालत खस्ता नजर आ रही है, वहीं दूसरी तरफ परेश रावल की फिल्म 'द ताज स्टोरी' को रिलीज हुए 13 दिन बीत चुके हैं और अभी तक यह 16 करोड़ 37 लाख रुपये की कमाई कर चुकी है। फिल्म में परेश रावल ने एक टूरिस्ट गाइड का किरदार निभाया है जिसकी अचानक से ताजमहल को लेकर सोच बदल जाती है और वह कोर्ट में यह केस ठोक देता है कि ताजमहल मकबरा नहीं बल्कि एक मंदिर है। फिल्म रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिलहाल द गर्लफ्रेंड और हक की कमाई को देखकर लग रहा है कि शायद ही दोनों फिल्में अपनी लागत निकाल पाएंगी।

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




