हेरा फेरी ने मेरी जिंदगी मुश्किल बन दी, मुझे कॉमेडी फिल्में बनाना पसंद ही नहीं है- प्रियदर्शन
आइकॉनिक कॉमेडी फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर प्रियदर्शन का कहना है कि उन्हें कॉमेडी फिल्में बनाना पसंद ही नहीं है। क्यों? इसके लिए आपको पूरी खबर पढ़नी होगी।

प्रियदर्शन ने भले ही बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत सीरियल सिनेमा से की थी, लेकिन आज दर्शक उन्हें उनकी कॉमेडी फिल्मों की वजह से जानते हैं। जैसे 'हेरा फेरी', 'हंगामा', 'भूल भुलैया' और 'गरम मसाला' आदि। हालांकि, अब प्रियदर्शन कुछ अलग करने जा रहे हैं। वह अक्षय कुमार के साथ साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'हैवान' लेकर आ रहे हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान निर्देशक ने खुलासा किया कि उन्हें कॉमेडी फिल्में बनाना पसंद नहीं है।
क्या बोले प्रियदर्शन?
प्रियदर्शन ने हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा, 'मैंने सीरियस फिल्मों से शुरुआत की। गर्दिश चली, विरासत भी चली। फिर 'हेरा फेरी' ने मेरी जिंदगी मुश्किल कर दी। उसके बाद बस कॉमेडी, कॉमेडी और कॉमेडी ही रह गई। सच कहूं तो, मुझे कॉमेडी फिल्में डायरेक्ट करना बिल्कुल पसंद नहीं है।'
20 साल में बनाईं 20 फिल्में जिनमें 16 कॉमेडी फिल्में
साल 2001 से 2021 के बीच प्रियदर्शन ने 20 हिंदी फिल्मों का निर्देशन किया, जिनमें से 16 कॉमेडी फिल्में थीं। वहीं, इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई उनकी कमबैक फिल्म 'भूत बंगला' भी हॉरर-कॉमेडी थी। ऐसे में 'हैवान' के जरिए प्रियदर्शन लंबे समय बाद पूरी तरह सीरियस जॉनर में लौट रहे हैं। प्रियदर्शन ने बताया कि लगातार एक ही तरह की फिल्में बनाने के बाद उन्हें बदलाव की जरूरत महसूस हुई।
मैं जोक्स पर ध्यान नहीं देता - प्रियदर्शन
उन्होंने कहा, ‘मैं सिचुएशनल ह्यूमर पर ध्यान देता हूं। मैं जबरदस्ती के गैग्स या कॉमेडी ट्रैक नहीं डालता। मेरी सारी कॉमेडी फिल्मों में मेरे किरदार गंभीर होते हैं, लेकिन उनके साथ जो होता है, वह लोगों को मजेदार लगता है। मुझे पसंद नहीं है कि एक्टर अजीब-अजीब चेहरे बनाएं।’
इस फिल्म की रीमेक है ‘हैवान’
'हैवान' प्रियदर्शन की 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'ओप्पम' का हिंदी रीमेक है। फिल्म में सैफ अली खान एक दृष्टिहीन व्यक्ति के किरदार में नजर आएंगे, जबकि अक्षय कुमार कातिल की भूमिका निभा रहे हैं। इस साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म में बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
बोमन ईरानी ने प्रियदर्शन के बारे में क्या कहा?
बोमन ईरानी ने कहा, ‘मैंने उनके साथ दो फिल्मों में काम किया है। अब जब मैं उनकी फिल्में देखता हूं, तो कैमरा वर्क और कट्स पर ध्यान देता हूं। मुझे एहसास होता है कि उन्हें यह पसंद नहीं है कि कैमरा या दर्शक एक जगह टिके रहें। वे खुद बोर हो जाते हैं इसलिए वे दर्शकों को भी बोर नहीं होने देते। अब मुझे उनके काम करने का तरीका समझ आने लगा है।’
‘हैवान’ में होगा मोहनलाल का कैमियो
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी 'हैवान' में राजपाल यादव, शारिब हाशमी, राजेश शर्मा, मनोज जोशी और जिस्सू सेनगुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, मोहनलाल फिल्म में कैमियो करते दिखाई देंगे। फिल्म में दिवंगत अभिनेता असरानी की आखिरी ऑन-स्क्रीन उपस्थिति भी देखने को मिलेगी। केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले बनी 'हैवान' 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


