Exclusive: अनिल कपूर बोले- होस्टिंग के जरिए दर्शकों को मेरा वो रूप देखने को मिलता है, जो वे...
अनिल कपूर ने एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में नए शो 'इंडिया के टॉप 1%' और 'बिग बॉस' के अनुभवों पर बात की। उन्होंने कहा कि होस्टिंग उन्हें नई चुनौती और खुद को निखारने का अवसर देता है।

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ अपने एनर्जी भरे अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। फिल्मों के अलावा वह टीवी और ओटीटी पर होस्ट के तौर पर भी अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। सलमान खान के बाद 'बिग बॉस OTT 3' की मेजबानी करना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी। अब वह 'इंडिया के टॉप 1%' के साथ दर्शकों के बीच हैं। हिंदुस्तान के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में अनिल कपूर ने दोनों शो के बीच के अंतर, अपनी 'झकास' पर्सनैलिटी और होस्टिंग को लेकर अपने नजरिये पर बात की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू।
सलमान खान के बाद 'बिग बॉस ओटीटी 3' को होस्ट करना एक बड़ी जिम्मेदारी थी। क्या उस अनुभव ने ही आपको 'इंडिया के टॉप 1%' जैसे फैमिली-फ्रेंडली शो को चुनने पर मजबूर किया?
ऐसा बिल्कुल नहीं है। मेरे लिए हर प्रोजेक्ट की अपनी खासियत और वैल्यू होती है। 'बिग बॉस OTT 3' एक शानदार अनुभव था और अपने आप में एक अलग तरह की चुनौती थी। शो के मेकर्स और ओटीटी चैनल से मुझे जो फीडबैक मिला, उसके मुताबिक यह शो काफी हिट रहा था। हालांकि, 'इंडिया के टॉप 1%' की तरफ मेरा ध्यान इसके कॉन्सेप्ट ने खींचा। मुझे यह आइडिया बहुत पसंद आया कि इस शो में लोगों के सोचने के तरीके का जश्न मनाया जाता है और पूरा परिवार एक साथ इसमें हिस्सा ले सकता है। मेरा यह शो करने का फैसला इसलिए नहीं लिया क्योंकि मुझे किसी एक फॉर्मेट से दूर जाना था, बल्कि इसलिए लिया क्योंकि मुझे ऐसे शो का हिस्सा बनना था जिसने मुझे सचमुच एक्साइट किया।
आपकी एनर्जी और 'एजलेस' पर्सनालिटी की हमेशा चर्चा होती है। जब आप 100 कंटेस्टेंट्स से मिलते हैं, जिनमें से कई 20-22 साल के युवा होते हैं, तो क्या आप उनसे जुड़ने के लिए अपनी होस्टिंग स्टाइल में जानबूझकर बदलाव करते हैं, या आपका 'झक्कास' अंदाज ही इस दूरी को मिटा देता है?
मैं खुद को बदलने या ढालने के बारे में बहुत ज्यादा नहीं सोचता। जिस पल आप कूल दिखने की कोशिश करने लगते हैं, आप वहीं हार जाते हैं! मेरा हमेशा से मानना रहा है कि ऑथेंटिसिटी आपको हर पीढ़ी से जोड़ता है। चाहे कोई 20 साल का हो या 60 का, जब आप सच्चे होते हैं और खुद आनंद ले रहे होते हैं, तो लोग उसका पॉजिटिव जवाब देते हैं। शुक्र है कि 'झक्कास' अंदाज पिछले कुछ दशकों से बरकरार है इसलिए मुझे इस पर भरोसा करने में खुशी होती है।
भारत में नॉलेज बेस्ड गेम शोज की तुलना अक्सर 'कौन बनेगा करोड़पति' से की जाती है। आपको क्या लगता है कि 'इंडिया के टॉप 1%' कैसे अपनी एक अलग पहचान बनाता है और दर्शकों को कुछ नया पेश करता है?
'कौन बनेगा करोड़पति' एक आइकॉनिक शो है और इसने भारतीय टेलीविजन के इतिहास में अपना एक खास स्थान बनाया है। लेकिन 'इंडिया के टॉप 1%' प्रतियोगियों से जो मांग करता है, उस मामले में यह मूल रूप से काफी अलग है। केबीसी नॉलेज और फैक्ट्स पर इनाम देता है। वहीं हमारा शो ऑब्जर्वेशन, लॉजिक, कॉमन सेंस और लेटरल थिंकिंग को परखता है। यह इस बारे में नहीं है कि आपने कितना पढ़ा है या आपको कितनी बातें याद हैं; यह इस बारे में है कि आपका दिमाग कैसे काम करता है। यही बात इस शो को अपनी एक अनोखी पहचान देती है।
यह पूरा शो स्मार्ट थिंकिंग, लॉजिक और कॉमन सेंस के इर्द-गिर्द घूमता है। क्या आपको कोई ऐसा वाकया याद है जब आपका अपना लॉजिक अचानक फेल हो गया हो?
सच तो यह है कि यह शो आपको लगातार याद दिलाता रहता है कि गलतियां करना कितना आसान है। शूटिंग के दौरान कुछ सवाल ऐसे आए जहां मुझे लगा कि मुझे जवाब बिल्कुल सही पता है, लेकिन बाद में अहसास हुआ कि मैंने उस पर जरूरत से ज्यादा सोच लिया था। यही इस फॉर्मेट की खूबसूरती है—यह हर किसी को जमीन पर रखता है। जिस पल आप जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वासी होते हैं, एक आसान सा सवाल आता है और आपकी गलतफहमी दूर कर देता है।
अगर आपको 'बिग बॉस' जैसे ड्रामे वाले रियलिटी शो और 'इंडिया के टॉप 1%' जैसे पूरे परिवार के साथ देखे जाने वाले शो में से किसी एक को चुनना हो, तो आप किस शो से ज्यादा जुड़ाव महसूस करेंगे और क्यों?
यह तो किसी माता-पिता से उनके बच्चों में से किसी एक को चुनने के लिए कहने जैसा है! दोनों शो का अनुभव बिल्कुल अलग है। 'बिग बॉस' में लोगों के स्वभाव, भावनाओं और उनके आपसी रिश्तों पर फोकस होता है, जबकि 'इंडिया के टॉप 1%' में सोचने, सवालों के जवाब ढूंढने और समस्याओं को सुलझाने पर जोर दिया जाता है। मुझे अलग-अलग तरह के शो करने की चुनौती पसंद है। एक होस्ट के तौर पर, दोनों ही शो में मुझे लोगों से जुड़ने का अलग मौका मिलता है और यही बात मुझे सबसे ज्यादा अच्छी लगती है।
आज कई बॉलीवुड एक्टर्स टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर होस्टिंग के मौके तलाश रहे हैं। क्या आपको लगता है कि यह बदलाव ज्यादा दर्शकों तक पहुंचने, दर्शकों से मजबूत रिश्ता बनाने या रियलिटी टीवी से मिलने वाली निरंतरता की वजह से हो रहा है?
मुझे लगता है कि इसकी सभी वजहें हैं। होस्टिंग के जरिए दर्शकों को आपका वह रूप देखने को मिलता है, जो वे आमतौर पर फिल्मों में आपके किरदारों के जरिए नहीं देख पाते। इसमें आप सीधे दर्शकों से जुड़ पाते हैं, जो अपने आप में खास है। टीवी और ओटीटी के जरिए भी दर्शकों के साथ लगातार जुड़ने का मौका मिलता है। लेकिन आखिर में, कलाकार होस्टिंग इसलिए भी चुनते हैं क्योंकि इसमें कुछ नया करने, नई चुनौतियों का सामना करने और खुद को बेहतर बनाने का मौका मिलता है।

