
अमिताभ बच्चन ने अपनी जान जोखिम में डालकर बचाई थी इस पॉपुलर एक्ट्रेस की जान, शायरी से किया था शुक्रिया
संक्षेप: बॉलीवुड एक्टर अमिताभ बच्चन अपनी दरियादिली और दोस्ती के लिए मशहूर हैं। एक बार उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर बॉलीवुड की इस पॉपुलर हीरोइन को बचाया था। ये किस्सा खुद हीरोइन ने बताया था।
अमिताभ बच्चन और तबस्सुम दोनों ही हिंदी सिनेमा के ऐसे नाम हैं जिन्होंने अपने काम से छाप छोड़ी है। तबस्सुम न सिर्फ एक बेहतरीन एक्ट्रेस थीं बल्कि अपनी शायरी और एंकरिंग के अंदाज के लिए भी जानी जाती थीं। उनका शो ‘फूल खिले हैं गुलशन गुलशन’ टीवी के शुरुआती और सबसे पॉपुलर टॉक शोज में से एक था। वहीं अमिताभ बच्चन 1970 के दशक से लेकर अभी तक टॉप पर बने हुए हैं। इन दोनों एक्टर्स से जुड़ा एक किस्सा है जो कम ही लोग जानते हैं।

हॉल में लग गई थी आग
बात है 1980 के दशक की, जब तबस्सुम कल्याणजी आनंदजी के साथ देश-विदेश में लाइव शोज किया करती थीं। कई बार अमिताभ बच्चन भी इन शोज का हिस्सा बनते थे। ऐसा ही एक शो मुंबई के पॉपुलर शन्मुखानंद हॉल में आयोजित हुआ था। ऑडियंस से हॉल खचाखच भरा हुआ था क्योंकि शो में खुद अमिताभ बच्चन मौजूद थे। उस समय तबस्सुम एक छोटे से एक्सिडेंट से गुज़री थीं, उनके पैर में फ्रैक्चर था। इसलिए उस दिन उन्होंने मंच पर व्हीलचेयर पर बैठकर एंकरिंग की। सबकुछ सामान्य चल रहा था कि अचानक हॉल में आग लग गई। पलभर में धुआं फैलने लगा और लोग जान बचाने के लिए भागने लगे। भगदड़ मच गई, हर कोई अपने बचाव में जुटा था।
अमिताभ ने बचाया
लेकिन तबस्सुम के लिए भागना मुशिकल था। वे व्हीलचेयर पर बैठी हुईं मदद के लिए पुकार रही थीं। उन्होंने कई लोगों को आवाज दी, लेकिन कोई ठहरने को तैयार नहीं था। उस अफरातफरी में शायद ही किसी ने उन्हें देखा हो। तभी भीड़ को चीरते हुए एक शख्स उनके पास पहुंचा, वो थे अमिताभ बच्चन। उन्होंने बिना समय बर्बाद किए तबस्सुम को उठाया और सेफ जगह ले गए।
अमिताभ की वजह से जिंदा
बाद में एक इंटरव्यू में तबस्सुम ने बताया था कि उस दिन अगर अमिताभ बच्चन वहां मौजूद न होते तो शायद वे बच नहीं पातीं। उन्होंने कहा था,“आज मैं जिंदा हूं तो सिर्फ अमिताभ जी की वजह से। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मुझे बचाया।” इसी इंटरव्यू में तबस्सुम ने बच्चन साहब के सम्मान में एक खूबसूरत शेर भी पढ़ा था, “हमेशा देखा गया है महान झुकता है, ज़मीन नहीं झुकती आसमान झुकता है।”

लेखक के बारे में
Usha Shrivasलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




