
किस्मत से स्टार बन गया यह एक्टर, अमिताभ की फिल्म में पहले असरानी को मिला था यह रोल
Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन की फिल्म में काम करके स्टार बन गया यह एक्टर। पहले असरानी को मिला था 'मुकद्दर का सिकंदर' में यह खास रोल।
Amitabh Bachchan Muqaddar Ka Sikandar Kissa: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की साल 1978 में आई फिल्म 'मुकद्दर का सिकंदर' बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने लीड रोल प्ले किया था, लेकिन इस फिल्म में एक ऐसा भी एक्टर था जिसे उसकी किस्मत ने स्टार बना दिया। हुआ यह कि फिल्म में अमिताभ बच्चन के दोस्त का रोल पहले असरानी को दिया गया था। किरदार के अंदाज और उसके लुक समेत सारी चीजें डिसकस की जा चुकी थीं।
पहले असरानी को मिला था रोल
कहते हैं कि फिल्म में अमिताभ बच्चन के दोस्त का यह किरदार असरानी को ही ध्यान में रखकर लिखा गया था। शूटिंग की तारीख पक्की की जा चुकी थी, लेकिन जब वो दिन आया तो मुंबई में बेशुमार बारिश होने लगी। यह बरसात रुकने का नाम ही नहीं ले रही थी। असरानी लाख कोशिशों के बावजूद सेट पर नहीं पहुंच पाए। उधर फिल्म के निर्देशक प्रकाश मेहरा उसी दिन यह सीन शूट करना चाहते थे। वजह यह थी कि पूरा कास्ट और क्रू सेट पर मौजूद था। तो ऐसे में उन्होंने कुछ देर सोचकर एक जरूरी फैसला लिया।
इत्तेफाक से बन गया यह संयोग
कुछ देर इधर उधर नजरें घुमाकर प्रकाश मेहरा ने अपने असिस्टेंट राम सेठी से कहा कि अमिताभ के दोस्त का रोल तुम कर लो। राम सेठी थोड़ा सकपकाए लेकिन फिर उन्होंने इस मौके को भुनाना सही समझा और रोल के लिए तैयार हो गए। राम सेठी ने अमिताभ बच्चन के दोस्त का किरदार इतनी खूबसूरती से किया कि इसे यादगार बना दिया। फिल्म मुकद्दर का सिकंदर देखने वाले लगभग हर शख्स को यह किरदार अच्छी तरह याद रह गया। यह रोल इतना चला तो राम सेठी को लोग उनके किरदार के नाम से जानने लगे।
किस्मत से स्टार बन गए राम सेठी
राम सेठी जिन्हें वो रोल मिलने का दूर-दूर तक कोई चांस नहीं था। वो किस्मत से स्टार बन गए। तकरीबन 1.5 करोड़ रुपये की लागत में बनी इस फिल्म ने 8 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म कमाई के मामले में वो कमाल कर गई जिसकी उम्मीद शायद ही कोई कर सकता था। लेकिन साथ ही साथ इसने एक ऐसे शख्स को स्टार बना दिया, जिसका चेहरा पर्दे पर शायद ही कोई पहले पहचानता था।

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




