
₹1 में किया गया 6 शर्टों का इंतजाम, अक्षय कुमार ने सुनाया उनके चिंदी प्रोड्यूसर का किस्सा
खिलाड़ी कुमार अपनी फिल्मों के लिए मोटी फीस लेने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन क्या आप उस किस्से के बारे में जानते हैं जब वो एक प्रोड्यूसर की कंजूसी देखकर शॉक्ड रह गए थे।
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की साल 1991 में आई फिल्म 'डांसर' ने बॉक्स ऑफिस पर 3 करोड़ 20 लाख रुपये कमाए थे। उस दौर में इतनी कमाई करने वाली इस फिल्म के बजट को लेकर इतनी कंजूसी की गई थी, कि अक्षय कुमार को एक सीन के लिए जब चार अलग-अलग तरह के कलर की शर्ट की जरूरत थी, तब मेकर्स ने एक ऐसी तरकीब लगाई जिसकी वजह से महज 1 रुपये में चार शर्टों का इंतजाम कर दिया गया था। ऐसा इसलिए नहीं हुआ क्योंकि तब रुपये की वैल्यू ज्यादा थी, असल में मामला कुछ और ही था।

डायरेक्टर ने की थी यह डिमांड
अक्षय कुमार ने खुद यह किस्सा एक इंटरव्यू में बताया था। अक्षय कुमार ने बताया, "एक फिल्म की थी मैंने, सफेद शर्ट और ब्लू जींस पहना हुआ था मैं। डायरेक्टर ने कहा कि यार 5-6 शर्टें लाओ, अलग-अलग कलर की शर्टें लाओ। तो प्रोड्यूसर ने पूछा कितनी शर्टें? डायरेक्टर ने कहा- चार पांच शर्टें। तो प्रोड्यूसर ने जाकर कैमरामैन के कान में कुछ कहा। कैमरामैन गया डायरेक्टर के पास और पूछा कि कौन से कलर की शर्ट चाहिए? डायरेक्टर ने बताया- ग्रीन।" इसके आगे जो हुआ वो चौंकाने वाला था।
प्रोड्यूसर ने लगाया यह दिमाग
अक्षय कुमार ने बताया, "कसम से कह रहा हूं, 25 पैसे के 6 जिलेटिन पेपर आए थे ग्रीन कलर के, और लाइटों के ऊपर लगा दिए गए थे। मेरी शर्ट ग्रीन, मेरी पैंट ग्रीन, मेरा चेहरा ग्रीन। एक रुपये के अंदर उसने चार शर्टें पहना दी थीं मुझे।" बता दें कि अक्षय कुमार की इस फिल्म का निर्देशक किशोर व्यास ने किया था। कृति सिंह और मोहिनी ने इसमें अन्य अहम किरदार निभाए थे। आप यह मूवी अगर घर बैठे देखना चाहते हैं तो आप इसे ओटीटी पर अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
शूट के दौरान उतर गया था कंधा
बता दें कि अक्षय कुमार ने बॉलीवुड में डेब्यू फिल्म सौगंध के जरिए किया था। बात करें फिल्म 'डांसर' की तो इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार का कंधा उतर गया था। दरअसल वह इस फिल्म के एक सीन के लिए कलाबाजी कर रहे थे जिस दौरान चीजें गलत हो गईं और अक्की का कंधा उतर गया।

लेखक के बारे में
Puneet Parasharलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




