दलेर मेहंदी विवाद पर अभिजीत भट्टाचार्या का तंज, बोले- मैं गाने के नाम पर..
अभिजीत भट्टाचार्या उन सेलेब्स में से एक हैं जो किसी भी मुद्दे पर अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटते हैं। अब अभिजीत ने दलेर मेहंदी की कॉन्ट्रोवर्सी पर अपना रिएक्शन दिया है।

दलेर मेहंदी के लाइव शो के दौरान हुई कॉन्ट्रोवर्सी को लेकर कुछ दिनों पहले काफी विवाद हुआ था। इस विवाद पर कई सेलेब्स और सिंगर्स ने दलेर मेहंदी को सपोर्ट किया था। अब सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य ने इस मामले पर अपना रिएक्शन दिया है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि मंत्री साहब ने जो कहा वो सच कहा था।
अभिजीत ने क्या कहा
दरअसल, हाल ही में छत्तीसगढ़ में लाइव परफॉर्मेंस के दौरान अभिजीत ने कहा, 'यहां पर कभी मत अलाओ कीजिए अगर कोई माइक में लाइव के नाम पर गाना नहीं गा रहा है।'
मंत्री साहब ने बिल्कुल सच कहा था
इसके बाद अभिजीत हाल के हुए इंसिडेंट पर बोले, ‘अभी कुछ दिन पहले एक केस हुआ था जहां पर स्टेज पर आकर मंत्री साहब ने कहा। बिल्कुल सच कहा था उन्होंने कि आप गाना नहीं गा रहे हैं। आपसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा है। लेकिन मंत्री जी तो विलन बन गए।’
मैं जैसा भी गाऊंगा लाइव गाऊंगा
इसके बाद अभिजीत कहते हैं, 'मैं जैसा भी गाऊंगा, खराब गाऊंगा, गलत गाऊंगा, गला खराब रहेगा, थक जाऊंगा, बेसुरा गाऊंगा, लेकिन जो भी गाऊंगा लाइव गाऊंगा।'
गाने के नाम पर मुंह नहीं हिलाऊंगा
अभिजीत फिर बोलते हैं कि दर्शक अपने टाइम वैल्यू को जानते हैं और अपनी मेहनत से कमाए हुए पैसों को लाइव परफॉर्मेंस देखने में खर्च करते हैं। अभिजीत फिर बोलते हैं, ‘आप लोगों को मना करता हूं। मैं आप लोगों को कभी इस तरह से चीट नहीं करूंगा। गाने के नाम पर मुंह नहीं हिलाऊंगा। ऐसा करते हैं लोग।’
मामला क्या है
दरअसल, दलेर मेहंदी को उत्तराखंड में कुंजापुरी मेला में परफॉर्म करना था। परफॉर्मेंस के दौरान उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल स्टेज पर आते हैं और वह दलेर पर लिप सिंक का आरोप लगाते हैं और ये भी दावा करते हैं कि सिंगर ड्रिंक करके आए हैं। उन्होंने कहा था कि सिंगर को उन्होंने 35 लाख रुपये दिए हैं शो में। इसके बाद इसको लेकर काफी विवाद हुआ।
मीका सिंह ने की थी माफी की डिमांड
दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह ने मंत्री का विरोध किया और कहा कि दलेर की तबीयत खराब थी, इसके बाद भी वह परफॉर्म कर रहे थे। मीका ने मंत्री जी से माफी की भी डिमांड की थी।

