Hindi Newsमनोरंजन न्यूज़भोजपुरीRavi Kishan brother Ram Kishan Shukla passed away due to heart attack

रवि किशन के बड़े भाई का निधन, 53 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुई मौत

भोजपुरी एक्टर रवि किशन के बड़े भाई राम किशन शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वह 53 साल के थे। रवि किशन ने एक पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके भाई का निधन दोपहर 12 बजे हुआ।

रवि  किशन के बड़े भाई का निधन, 53 साल की उम्र में हार्ट अटैक से हुई मौत
Shrilata लाइव हिंदुस्तान, मुंबईSun, 5 Feb 2023 05:11 PM
हमें फॉलो करें

भोजपुरी एक्टर रवि किशन के बड़े भाई राम किशन शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। वह 53 साल के थे। रवि किशन ने एक पोस्ट लिखकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके भाई का निधन मुंबई में रविवार की दोपहर 12 बजे के करीब हुआ। परिवार में शोक की लहर है। भाई के बारे में इस दुखद जानकारी के मिलते ही रवि किशन मुंबई के लिए रवाना हो गए। राम किशन मुंबई में रहते थे। वह रवि किशन की फिल्मों और प्रोडक्शन संबंधी काम को देखते थे। दोपहर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें नानावती अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राम किशन 3 भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।

पोस्ट लिखकर दी जानकारी
रवि किशन ने सोशल मीडिया पर भाई के निधन की जानकारी देते हुए लिखा, ‘दुखद: मेरे बड़े भाई श्री राम किशन शुक्ला जी का अचानक हृदय गति रुकने के कारण मुंबई के नानावती अस्पताल में दोपहर 12 बजे निधन हो गया है। महादेव से प्रार्थना है कि अपने श्री चरणों में स्थान दे ओम शांति शांति शांति।'

उनके पोस्ट पर भोजपुरी इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने दुख व्यक्त किया है। दिनेश लाल यादव, आम्रपाली दुबे और अक्षरा सिंह ने भी दुख जताया।

परिवार में कौन-कौन
बता दें कि राम किशन अपने पीछे 25 साल के बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पहले ही दुनिया को अलविदा कह चुकी हैं।

रवि किशन का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला है। 3 भाइयों में रवि किशन सबसे छोटे हैं। 3 साल पहले उनके पिता की मौत हुई थी। रवि किशन के बड़े भाई रमेश का निधन बीते साल 30 मार्च को कैंसर से हुआ था।
 

ऐप पर पढ़ें