भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता दिखाने के दावों पर निरहुआ बोले- कुछ फिल्मों के चक्कर में...
दिनेश लाल यादव जो निरहुआ से पॉपुलर हैं, उनका कहना है कि भोजपुरी इंडस्ट्री को गलत समझा जाता है। उन्होंने कहा कि कुछ फिल्मों के चक्कर में इंडस्ट्री को

भोजपुरी इंडस्ट्री पर आरोप लगते रहे हैं कि उसमें अश्लील गानों और वीडियोज की भरमार रहती है। कोई इन गानों को अपने परिवार के साथ बैठकर नहीं देख सकता। हालांकि, इंडस्ट्री ने कई बड़े आर्टिस्ट दिए, जिनकी पहचान इंटरनेशनल लेवल तक हुई है। सुपरस्टार और एक्टर-पॉलिटिशियन दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ ने अब भोजपुरी इंडस्ट्री में अश्लील गानों के चयन पर बयान दिया है। निरहुआ का कहना है कि सिर्फ कुछ प्रोजेक्ट्स के आधार पर पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री को जज कर लेना बिल्कुल गलत है।
हर इंडस्ट्री में हर तरह का सिनेमा बनता है
आईएएनएस से बात करते हुए, निरहुआ ने कहा कि हर रीजनल और नेशनल फिल्म इंडस्ट्री हर तरह के कंटेंट बनाती है। इससे भोजपुरी इंडस्ट्री को अलग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हर इंडस्ट्री में हर तरह का सिनेमा बनता है और अलग-अलग तरह का कंटेंट बनता है जैसे बॉलीवुड, साउथ इंडियन सिनेमा, भोजपुरी और मराठी सिनेमा है। हर इंडस्ट्री दर्शकों के हर अलग-अलग सेक्शन को ध्यान में रखकर कंटेंट बनाती है।’
अच्छा और बुरा हर तरह का काम होता है
भोजपुरी इंडस्ट्री में ज्यादातर अश्लील कंटेंट ही बनता है, इस मुद्दे पर निरहुआ ने सफाई दी कि यह इमेज तब बनती है जब सिर्फ एक खास कैटेगरी की फिल्मों को बाकी फिल्मों से अलग करके दिखाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब हम एक खास सेक्शन के काम को दिखाते हैं तो लगता है कि पूरी इंडस्ट्री में उसी तरह का काम हो रहा है। लेकिन यह सच नहीं है। अच्छा और बुरा, हर तरह का काम होता है।
एक्टर ने आगे कहा, 'मैं एक अच्छी लाइन कहना चाहूंगा। बुराई सबमें होती है, कोई भी इंसान कमी से परे नहीं होता। जहां गुलाब में कांटे न हों, ऐसा बाग दिखा दीजिए। ऐसा इसलिए दिखता है, क्योंकि कुछ चीजें हाईलाइट हो जाती हैं और लोग समझने लगते हैं कि बस यही सबकुछ है।
निरहुआ की सक्सेसफुल फिल्में
बता दें कि निरहुआ की गिनती भोजपुरी सिनेमा के सबसे बड़े स्टार्स में होती है। उन्होंने निरहुआ रिक्शेवाला, निरहुआ हिंदुस्तानी, पटना से पाकिस्तान, बॉर्डर, सिपाही, निरहुआ चलल लंदन जैसी फिल्मों में काम किया है। हाल ही में उन्हें ग्राम चिकित्सालय सीजन 2 ओटीटी सीरीज में देखा गया था।
निरहुआ साल 2012 में बॉलीवुड फिल्म गंगा देवी में भी नजर आए थे। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन और जया बच्चन भी लीड रोल में थे। वहीं फिर वह बिग बॉस 6 में भी आए थे।


