म्यूजिक डीलर ने मुंह पर फेंकी थी कैसेट, खेसारी लाल यादव की मां को दीं गालियां
खेसारी लाल यादव आज जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है। आज उनके नाम भर से एल्बम बिक जाते हैं, लेकिन एक वक्त था कि अपनी एल्बम पर एक म्यूजिक डीलर के पास रखवाने के लिए वह 3 दिन फुटपाथ पर सोए थे।

भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का स्ट्रगल किसी से छिपा नहीं है। बिहार समेत आज देशभर की ऑडियंस के दिलों पर आज राज करने वाले खेसारी लाल यादव ने एक वक्त पर तमाम छोटे-बड़े काम करके अपना और अपने परिवार का पेट पाला है। खेसारी लाल यादव की अदाकारी के साथ-साथ उनकी गायकी के भी लोग दीवाने हैं। हालांकि उनकी शुरुआत उतनी ही आम थी, जितनी ज्यादातर भोजपुरी एक्टर्स की आपने सुनी होगी। वह गांव-कस्बों के छोटे-छोटे फंक्शन्स में गाया करते थे और किसी तरह गुजारा करते थे।
हफ्तों काटे डिस्ट्रिब्यूटर्स के चक्कर
खेसारी लाल यादव ने जब किसी तरह अपनी पहली एल्बम रिकॉर्ड की थी तो इसकी कैसेट उनके मुंह पर फेंक दी गई थी और उन्हें भद्दी गालियां बकी गईं। आज जिस खेसारी लाल यादव के नाम भर से कैसेट बिक जाते हैं, वह खुद एक इंटरव्यू में बता चुके हैं कि उन्होंने किसी तरह पैसे जुटाकर अपनी पहली एल्बम रिकॉर्ड की थी। हालांकि जब वह इस रिकॉर्डिंग को लेकर म्यूजिक डिस्ट्रिब्यूटर्स के चक्कर काट रहे थे, तब उन्हें जैसा ट्रीटमेंट मिला उसकी उम्मीद वह नहीं कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि शायद कोई उनकी कैसेट लॉन्च करेगा।
मुंह पर फेंकी कैसेट, मां को दी गालियां
खेसारी लाल यादव ने बताया कि जब वह अपनी एल्बम लेकर बड़ी म्यूजिक कंपनियों के चक्कर काट रहे थे, तब एक म्यूजिक डीलर ने उनके गाने को बकवास बताते हुए कैसेट सीधा उनके चेहरे पर फेंक दिया था। इस म्यूजिक डीलर ने खेसारी लाल यादव की मां को गालियां दीं। एक्टर-सिंगर खेसारी लाल यादव को आज भी इस घटना को याद करके बहुत तकलीफ होती है। खेसारी लाल यादव ने इसी इंटरव्यू में बताया कि इस घटना के बाद वह बहुत रोए थे, क्योंकि उन्होंने इस एल्बम को रिकॉर्ड करने के लिए अपना सब कुछ दाव पर लगाया था।
तीन दिन फुटपाथ पर सोए खेसारी
हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी। वह लगातार तीन दिन तक गमछा बिछाकर उसी कैसेट की दुकान के बाहर सोए रहे। वह फुटपाथ पर सोते और रोज इस म्यूजिक डीलर से विनती करते कि वह उनकी कैसेट रख ले। आखिरकार खेसारी लाल यादव की यह गांधीगिरी काम कर गई और खेसारी लाल यादव की कैसेट इसी म्यूजिक डीलर ने अपने पास रखकर बेचनी शुरू की। दिलचस्प बात यह रही कि जिस कैसेट और गाने को म्यूजिक डीलर ने बकवास बता दिया था, जब उन्होंने इसे बेचना शुरू किया तो यह सॉन्ग रातों-रात वायरल हो गया।


