वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से मिलने पहुंचे पवन सिंह, जानिए किस बात पर भर आईं सुपरस्टार की आंखें
Bhojpuri Bawaal: रियलिटी टीवी शो भोजपुरी बवाल की टीम के साथ जब पवन सिंह एक वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से मिलने पहुंचे तो माहौल काफी भावुक हो गया। खुद पवन सिंह भी अपने आंसू नहीं रोक सके।

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह जब एक वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मिले तो उनकी आंखें भर आईं। रियलिटी टीवी शो 'भोजपुरी बवाल' इन एक्टर्स की जिंदगी को बहुत नजदीक से दिखाने की कोशिश कर रहा है। शो के नए प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि भोजपुरी सिनेमा के सलमान खान कहे जाने वाले एक्टर पवन सिंह एक वृद्धाश्रम में पहुंचे। एक बुजुर्ग माताजी प्रोमो वीडियो में अपने दिल की बात साझा करती नजर आ रही हैं और कह रही हैं कि जब पवन सिंह आए तो मुझे बहुत अच्छा लगा।
'आप इंसान के रूप में भगवान हैं'
वहीं प्रोमो वीडियो में पवन सिंह को बुजुर्गों के पांव छूते, उनका आशीर्वाद लेते और उनसे बातें करते देखा जा सकता है। वह एक बुजुर्ग पिता से बात करते हुए कहते हैं कि आप इंसान के रूप में भगवान हैं। जब पवन सिंह एक बुजुर्ग औरत को मां कहकर पुकारते हैं तो वह चौंककर उनकी तरफ देखती हैं। उनके जेहन में जैसे ढेरों पुरानी यादें अचानक कौंध गई हों। यह बुजुर्ग मां आकर पवन सिंह को गले लगा लेती हैं और वह भी उनके पांव छूते देखे जा सकते हैं। पवन सिंह इस वृद्धाश्रम में केक कटिंग करते भी देखे जा सकते हैं।
वृद्धाश्रम में भावुक हुए पवन सिंह
वीडियो में पवन सिंह को कहते देखा जा सकता है कि जब मुझे मां का आशीर्वाद मिलता है तो मुझे कोई पराजित नहीं कर सकता। वह एक बुजुर्ग मां को केक खिलाते हुए कहते हैं कि मैं बेटा हूं मां आपका। वहीं एक बुजुर्ग शख्स जब पवन सिंह से कहते हैं कि तुम मेरे दोस्त हो? तब पलटकर पवन सिंह फौरन कहते हैं- बिलकुल मैं आपका दोस्त हूं। पवन सिंह कहते हैं कि मां-बाप से बढ़कर कोई नहीं है, साक्षात इस धरती पर अगर भगवान कोई है तो माता-पिता हैं। बातों-बातों में वीडियो में पवन सिंह को भावुक होते भी देखा जा सकता है।
मां के साथ ऐसा है पवन सिंह का रिश्ता
एक बुजुर्ग महिला खुश होते हुए कहती हैं- आज ऐसा लगा कि हां हमारा कोई बेटा भी है। कमेंट सेक्शन में लोग पवन सिंह और परिवार व बड़ों के प्रति उनके समपर्ण भाव की तारीफें करते नजर आ रहे हैं। पवन सिंह रियलिटी टीवी शो भोजपुरी बवाल में पहले भी अपनी मां की सेवा करते और यह कहते नजर आ चुके हैं कि उनकी मां उनकी दुनिया है। उस एपिसोड में पवन सिंह की मां भी अपने बेटे उनकी इतनी परवाह करते देख काफी भावुक दिखी थीं।


