Bhojpuri Bawaal: मां चली गई त पवन खत्म…भावुक हुए पावरस्टार, उधर आम्रपाली के एक फैसले ने उड़ाए होश
ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर नया रिएलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' शुरू हो रहा है। शो के प्रोमो में पवन सिंह मां के सामने भावुक होते नजर आ रहे हैं।

पवन सिंह, दिनेश लाल यादव (निरहुआ), आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव...भोजपुरी के ये सुपरस्टार्स एक साथ एक ही मंच पर आ रहे हैं। दरअसल, जियोहॉटस्टार पर एक नया रिएलिटी शो आ रहा है जिसका नाम 'भोजपुरी बवाल' है। यूं तो ये शो 2 अगस्त से शुरू होगा, लेकिन इस शो के छोटे-छोटे वीडियो क्लिप्स ने अभी से ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया है।
पवन सिंह हुए इमोशनल
एक प्रोमो में पावरस्टार पवन सिंह अपनी मां के चरण दबाते हुए दिख रहे हैं। मां के पैरों में सूजन देखकर एक्टर टेंशन में आ जाते हैं। उनकी मां कहती हैं, 'शुगर बीपी है इसलिए हमारी थोड़ी तबीयत खराब हो गई है। पवन सब काम छोड़कर आ गया। बेटा मेरी बहुत इज्जत करता है।' पवन इमोशनल हो गए। पवन कहते हैं, 'मेरे पास अगर कोई संपत्ति है तो वो हैं आप।' उनकी मां कहती हैं, 'अगर मैं चली गई तो तुम क्या करोगे? इसलिए कहती हूं कि शादी कर लो।' पवन की आंखों से आंसू छलकने लगते हैं। पवन कहते हैं, 'अगर मां चली गई तो...पवन खत्म।'
आम्रपाली का फैसला सुन दंग हो गए उनके माता-पिता
हाल ही में सामने आए प्रोमो में कई इमोशनल और चौंकाने वाले पल देखने को मिले हैं। प्रोमो की शुरुआत में अभिनेत्री आम्रपाली दुबे मंदिर में माथा टेकने के बाद अपने परिवार को अपने फैसले के बारे में बताती हैं। आम्रपाली कहती हैं कि वो मां बनना चाहती हैं। भोजपुरी एक्ट्रेस के पिता उनसे पूछते हैं, 'क्या बोल रही हो?' इसके बाद वे हैरानी से आम्रपाली की मां की तरफ देखते हैं और कहते हैं, 'ये क्या कह रही है?' वहीं उनकी बहन घबराते हुए पूछती हैं, ‘क्या तुम्हें इस बारे में पूरा यकीन है? लेकिन आम्रपाली बड़े कॉन्फिडेंस से कहती हैं कि वो फैसला कर चुकी हैं।
शादीशुदा हैं आम्रपाली?
बता दें, आम्रपाली ने शादी नहीं की है। हालांकि उनका नाम अक्सर भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के साथ जोड़ा जाता है, लेकिन दोनों ने कई बार स्पष्ट किया है कि वे केवल अच्छे दोस्त हैं।
क्या है 'भोजपुरी बवाल'?
‘भोजपुरी बवाल’ ‘फॉलो-रिएलिटी’ शो है। इस रिएलिटी शो में कैमरे इन सुपरस्टार्स के पीछे-पीछे चलेंगे। उनके आलीशान घर, उनकी महंगी गाड़ियां, उनके काम करने का तरीका और उनकी पर्सनल लाइफ की वो अनसुनी कहानियां सीधे दर्शकों के सामने लाएंगे, जो आज तक लाइमलाइट से छिपी रहीं। इसका पूरा फोकस भोजपुरी संस्कृति, वहां के रहन-सहन, खान-पान, त्योहार और भाषा के ठेठ अंदाज पर टिका होगा। वहीं इस शो को होस्ट कृष्णा अभिषेक और सोशल मीडिया स्टार मनीषा रानी करेंगी।


