काजल राघवानी ने बताया अपना सबसे बड़ा गिल्ट, बोलीं- मुझे इस चीज का बहुत अफसोस है कि..
Bhojpuri Bawaal: काजल राघवानी अपने पिता को याद करते हुए बोलीं कि अगर वह उनके साथ होते तो उनके साथ वो चीजें नहीं होने देते हो कि हुईं।

रियलिटी टीवी शो 'भोजपुरी बवाल' का नया प्रोमो वीडियो जारी कर दिया गया है। इसमें दिखाया गया है कि स्टार एक्ट्रेस काजल राघवानी अपनी जिंदगी के कुछ सबसे बड़े गिल्ट कैमरा पर साझा कर रही हैं। काजल राघवानी बता रही हैं कि कैसे उन्हें इस बात का आज तक पछतावा होता है कि जब उनके पिता अपनी अंतिम सांसें गिन रहे थे, तब वह उनके साथ नहीं थीं। काजल राघवानी रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' की शुरुआत से ही काफी चर्चा में रही हैं। एक्ट्रेस इससे पहले भी इस मुद्दे पर बात कर चुकी हैं, लेकिन इस बार उन्होंने और खुलकर अपने इमोशन्स कैमरा पर साझा किए हैं।
काजल ने बताया सबसे बड़ा गिल्ट
काजल राघवानी ने वीडियो में बताया, "बस अभी कुछ ही दिन पहले मेरे पिताजी का देहांत हो गया।" काजल राघवानी ने आंखों में आंसू लिए हुए बहुत भावुक होते हुए कहा, "मुझे इस चीज का बहुत अफसोस है कि मैं उनके साथ नहीं थी।" काजल राघवानी ने अपने दिल का सबसे बड़ा गिल्ट साझा करते हुए बताया कि मुझे ऐसा लगता है कि अगर उनका सपोर्ट रहता और वह मेरे साथ रहते तो बहुत सारी चीजें जो मेरे साथ गलत हुई हैं वो नहीं हो पातीं। काजल राघवानी अपने पिता को याद करते हुए कैमरा पर काफी भावुक हो गईं।
काजल ने लिया नहीं दबने का फैसला
काजल राघवानी बातचीत के दौरान बार-बार अपने आंसू पोंछ रही थीं और उन्होंने कहा- मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं। आप जहां भी रहें खुश रहें। एक्ट्रेस ने कैमरा पर अपने पिता को याद करते हुए और अपनी स्ट्रगलिंग लाइफ को याद करते हुए कहा कि अब मैं अपने लिए लड़ूंगी, अब मैं नहीं दबूंगी किसी के भी सामने। बता दें कि काजल राघवानी यह बात पहले भी कैमरा पर एक बार कहते हुए बता चुकी हैं कि कैसे उनके पिता के साथ नहीं होने की वजह से उन्हें कई सारे नुकसान झेलने पड़े हैं।
खेसारी के साथ जुड़ा रहा है नाम
मालूम हो कि काजल राघवानी का नाम काफी लंबे वक्त तक खेसारी लाल यादव के साथ जुड़ा रहा था। गॉसिप्स हैं कि खेसारी लाल यादव का काजल के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर रहा था। काजल राघवानी से जब इस बारे में बातचीत के दौरान पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह सच है कि वह जानती थीं कि सामने वाला शादीशुदा है, लेकिन यही बात सामने वाला (खेसारी) भी तो जानते थे कि वह शादीशुदा हैं। वह क्यों उनके साथ करवाचौथ पर पूजा करने आया करते थे। काजल की ये बातें सुनकर हर कोई शॉक्ड रह गया था।


