छात्र आंदोलन: हिरासत में आयशा खान, पुलिस स्टेशन से बनाया वीडियो; ‘मुझे चार महिला पुलिसकर्मियों ने खींचा’
बिग बॉस के घर में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस आयाशा खान को मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि उन्हें पुलिस वैन में धक्का देकर अंदर किया गया। एक्ट्रेस ने पुलिस स्टेशन से अपना एक वीडियो भी जारी किया है।

दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों में छात्रों के आंदोलन की चर्चा है। छात्रों को आंदोलन को देखते हुए मुंबई पुलिस भी अलर्ट पर है। इसी सिलसिले में आज यानी 22 जुलाई को एक्ट्रेस आयशा खान को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आयशा ने बताया कि उन्हें महिला पुलिसवालों ने जबरदस्ती धक्का देकर वैन में घुसाया। आयशा ने कहा कि वो बस चुपचाप सड़क पर खड़ी थीं। उन्होंने कोई नारेबाजी नहीं की, कुछ नहीं बोला।
हिरासत में आयशा खान
आयशा खान ने खुद को हिरासत में लिए जाने का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने जो वीडियो शेयर किया है उसमें देख जा सकता है कि कम से कम चार महिला पुलिसकर्मी आयशा खान को वैन के अंदर जबरदस्ती डालती नजर आ रही हैं। वहीं, आयशा खान लगातार कह रही हैं कि पुलिस उन्हें ले जा सकती। वो लीगल नहीं है। आयशा खान वैन के बाहर खड़े रहने की पूरी कोशिश करती नजर आ रही हैं।
आयशा ने शेयर किया वीडियो, बोलीं- चार महिला पुलिसकर्मियों ने खींचा
इस वीडियो के साथ आयशा खान ने कैप्शन लिखा- दुर्भाग्यवश, मुझे अंदर खींचने के लिए चार महिला पुलिसकर्मियों को लगना पड़ा। लेकिन मैं फिर वही सवाल पूछूंगी, क्यों? क्या मैंने शोर मचाया? क्या मैंने बातचीत भी शुरू की थी? किस लिए हिरासत में ले रहे हो? क्योंकि मैं सड़क पर खड़ी थी? मैं पांच लोगों के समूह में भी नहीं थी।
पुलिस वैन के अंदर से भी आयशा ने बनाया वीडियो
आयशा ने पुलिस वैन के अंदर से भी वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में वो बताती हैं कि उन्होंने प्रोटेस्ट शुरू तक नहीं किया था। वो बस सड़क पर खड़ी थीं क्योंकि उनके भाई और दोस्तों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। आयशा की इस वीडियो में एक शख्स पीछे से आकर आयशा की इजाजत लेकर बात करना शुरू करता है। वो कहता है कि उसे पुलिस ने उठा लिया है और आज उसका प्रैक्टिल एग्जाम है। उसने कहा कि उसे बिना किसी कारण के पुलिस ने उठाया है।
छात्रों के प्रोटेस्ट में हिस्सा लेने जा रही थीं आयशा खान
आयशा ने इसके बाद एक और वीडियो अपने इंस्टाग्राम ग्रिड पर शेयर किया है। इस वीडियो में एक्ट्रेस ने बताया कि वो इस वक्त वर्ली पुलिस स्टेशन में हैं। उन्होंने बताया कि नीट पेपर लीक की वजह से सुसाइड करने वाले बच्चों और नीट के परिक्षार्थियों के साथ अपना सपोर्ट दिखाने के लिए दादर में होने वाले एक प्रोटेस्ट का वो हिस्सा बनना चाहती थीं। उनके साथ उनके कुछ दोस्त भी थे। उन्होंने कहा कि वो बस पहुंची ही थीं। सड़क पर केवल खड़ी थीं कि तभी एक पुलिसवाले ने उनसे कहा कि वो लोग प्रोटेस्ट नहीं कर सकते।
आयशा ने कहा कि उन्होंने फिर पूछा कि तो दूसरा क्या रास्ता है? उन्होंने कहा कि कुछ बातचीत हो पाती, उससे पहले ही उन लोगों ने मेरे भाई और मेरे दोस्तों को वैन के अंदर खींच लिया। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था कि वो कहां जाएं, क्या करें क्योंकि वो उस इलाके में पहली बार गई हैं। उन्होंने कहा कि वो केवल रोड पर खड़ी थीं कि कम से कम 15 पुलिसवाले आए, 10 पुरुष, 5 महिलाएं और उन लोगों के साथ खींचातानी की। आयशा ने कहा कि उन्हें चार महिला पुलिसकर्मियों ने खींचा, धक्का दिया और जबरदस्ती वैन में डाला। एक्ट्रेस ने पूछा कि वो तब से जानना चाहती हैं कि उन्हें हिरासत में क्यों लिया गया है, लेकिन पुलिसवाले कुछ भी नहीं बता रहे हैं। एक्ट्रेस ने ये भी जानकारी दी कि दादरी से उन्हें हिरासत में लिया गया था, लेकिन अब उन्हें वर्ली पुलिस स्टेशन में रखा हुआ है।


