महिलाओं ने फिर पुरुषों को वोटिंग में पछाड़ा, 6वें चरण में किया बंपर मतदान

May 29, 2024 07:43 am ISTNisarg Dixit एजेंसी, नई दिल्ली
share

Lok Sabha Election: छठे चरण में 61.95 प्रतिशत पात्र पुरुष मतदाताओं और 64.95 प्रतिशत पात्र महिला मतदाताओं ने मतदान किया। बिहार में 51.95 फीसदी पुरुषों के मुकाबले 62.95 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया।

महिलाओं ने फिर पुरुषों को वोटिंग में पछाड़ा, 6वें चरण में किया बंपर मतदान

निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों में कहा गया कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण में लगातार दूसरी बार महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से तीन प्रतिशत अधिक रही। पांचवें चरण में भी पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचीं। पच्चीस मई को छठे चरण के चुनाव में 58 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ था। 

निर्वाचन आयोग के अनुसार, छठे चरण में 61.95 प्रतिशत पात्र पुरुष मतदाताओं और 64.95 प्रतिशत पात्र महिला मतदाताओं ने मतदान किया। बिहार में 51.95 फीसदी पुरुषों के मुकाबले 62.95 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। झारखंड में 65.94 फीसदी महिलाओं ने और 64.87 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया। उत्तर प्रदेश में 57.12 प्रतिशत महिलाओं और 51.31 प्रतिशत पुरुषों ने मतदान किया। 

पश्चिम बंगाल में महिलाओं का मतदान प्रतिशत 83.83 और पुरुषों का मतदान प्रतिशत 81.62 रहा। ओडिशा में, महिलाओं का मतदान प्रतिशत 74.86 और पुरुषों का मतदान प्रतिशत 74.07 प्रतिशत रहा। पांचवें चरण में 61.48 प्रतिशत पुरुषों की तुलना में 63 प्रतिशत महिला मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचीं। बिहार, झारखंड, लद्दाख, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों की तुलना में अधिक रही।

63.37 प्रतिशत मतदान हुआ
निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आठ राज्यों में 58 सीट पर 63.37 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को 11.13 करोड़ योग्य मतदाताओं में से 7.05 करोड़ ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आम चुनाव में अब तक हुए छह चरणों के मतदान में, 87.54 करोड़ निर्वाचकों में से लगभग 57.77 करोड़ ने वोट दिया। 

विश्व में सर्वाधिक संख्या में 96.88 करोड़ निर्वाचक भारत में हैं। निर्वाचक नामावली में शामिल नागरिकों को निर्वाचक माना जाता है जबकि मतदान करने वालों को मतदाता कहा जाता है। मौजूदा लोकसभा चुनाव के अब तक के छह चरणों में, चौथे चरण में सर्वाधिक मतदान हुआ जबकि पांचवें चरण में सबसे कम वोट पड़े। निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, छठे चरण में 63.37 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, पूर्व में आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार चौथे चरण में 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो अब तक हुए छह चरणों के चुनाव में सर्वाधिक है। 

पिछले लोकसभा चुनाव में, छठे चरण में (सात राज्यो में 59 सीट पर) 64.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार, 20 मई को हुए पांचवें चरण के मतदान में 62.2 प्रतिशत मतदान हुआ था। चौथे चरण में 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ था जो 2019 के चुनाव में चौथे चरण में हुए मतदान से 3.65 प्रतिशत अधिक है। तीसरे चरण में 65.68 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि 2019 के चुनाव में तीसरे चरण में 68.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। 

मौजूदा चुनाव के दूसरे चरण में 66.71 प्रतिशत मतदान हुआ था जबकि 2019 में दूसरे चरण में 69.71 प्रतिशत मतदान हुआ था। पहले चरण में 66.14 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2019 में पहले चरण में 69.43 प्रतिशत मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में, एक जून को आठ राज्यों में 57 सीट पर मतदान होना है। चुनाव परिणाम चार जून को घोषित किये जाएंगे।

Nisarg Dixit

लेखक के बारे में

Nisarg Dixit

निसर्ग दीक्षित न्यूजरूम में करीब एक दशक का अनुभव लिए निसर्ग दीक्षित शोर से ज़्यादा सार पर भरोसा करते हैं। पिछले 4 साल से वह लाइव हिनुस्तान में डिप्टी चीफ प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं, जहां खबरों की योजना, लेखन, सत्यापन और प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे पहले दैनिक भास्कर और न्यूज़18 जैसे बड़े मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग से लेकर डेस्क तक की भूमिकाएं निभाईं। उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की, जिसने उनके काम करने के तरीके को व्यावहारिक और तथ्य आधारित बनाया। निसर्ग की खास रुचि खोजी रिपोर्टिंग, ब्रेकिंग स्टोरीज़ और विज़ुअल न्यूज़ स्टोरीज़ में है। वे जटिल मुद्दों को सरल भाषा और स्पष्ट तथ्यों के साथ प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं। राजनीति और जांच पड़ताल से जुड़े विषयों पर उनकी मजबूत पकड़ है। निसर्ग लोकसभा चुनावों, कई राज्यों के विधानसभा चुनावों और अहम घटनाओं को कवर कर चुके हैं। साथ ही संसदीय कार्यवाही और सुप्रीम कोर्ट की महत्वपूर्ण सुनवाइयों को नियमित रूप से कवर करते हैं। गूगल जर्नलिस्ट्स स्टूडियो में भी निसर्ग योगदान देते हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।