फोटो गैलरी

Hindi News क्राइमसामने आए कई राज! भय्यूजी महाराज की संपत्ति पर थी कई लोगों की नजर

सामने आए कई राज! भय्यूजी महाराज की संपत्ति पर थी कई लोगों की नजर

मध्य प्रदेश ही नहीं महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात में 'राष्ट्रसंत' कहलाने वाले उदय सिंह देशमुख उर्फ भय्यूजी महाराज आत्महत्या मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने लगे हैं। उन्हें...

सामने आए कई राज! भय्यूजी महाराज की संपत्ति पर थी कई लोगों की नजर
लाइव हिन्दुस्तान टीम,इंदौरMon, 21 Jan 2019 06:16 PM
ऐप पर पढ़ें

मध्य प्रदेश ही नहीं महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात में 'राष्ट्रसंत' कहलाने वाले उदय सिंह देशमुख उर्फ भय्यूजी महाराज आत्महत्या मामले में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने लगे हैं। उन्हें आत्महत्या के लिए गैरों ने नहीं, बल्कि अपनों ने मजबूर किया, जिनकी नजर उनकी संपत्ति पर थी। पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है।

भय्यूजी महाराज ने 12 जून 2018 को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद बेटी कुहू और दूसरी पत्नी आयुषी के बीच विवाद को प्रचारित किया गया था, ताकि इस दुखद घटना के लिए उन्हें ही जिम्मेदार मान लिया जाए। मगर वक्त गुजरने के साथ जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। उनके सबसे करीबी ही उनकी जान के दुश्मन निकले। केयर टेकर बनी पलक पुराणिक जहां भय्यूजी को अपना जीवन साथी बनाना चाहती थी, वहीं सेवादार उनकी संपत्ति पर कब्जे की साजिश रचे हुए थे।

पुलिस के अनुसार, “भय्यूजी महाराज आत्महत्या मामले में सेवादार शरद देशमुख व विनायक दुधाले और केयर टेकर से प्रेमिका बनी पलक पुराणिक को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन तीनों पर भय्यूजी को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है।”

इंदौर के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) हरि नारायणचारी मिश्रा ने माना कि भय्यूजी महाराज को अपनों द्वारा ब्लैकमेल किए जाने के चलते आत्महत्या करनी पड़ी। विनायक, शरद व पलक इस साजिश के अहम किरदार थे। पलक भय्यू महाराज से शादी करना चाहती थी और विनायक व शरद उनका साथ दे रहे थे।

डीआईजी ने कहा, “तीनों ने उन्हें ब्लैकमेल किया, जिसके चलते भय्यूजी महाराज ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस को मोबाइल चैट से भी इसके सबूत मिले हैं।”

पुलिस के अनुसार, “भय्यूजी महाराज की पहली पत्नी माधवी की मौत के बाद पलक को केयर टेकर के तौर पर रखा गया था, वक्त गुजरने के साथ पलक की उनसे नजदीकी बढ़ी। इसी दौरान भय्यू महाराज ने डॉ. आयुषी से विवाह किया, तो पलक व अन्य ने उन्हें ब्लैकमेल करने की चेतावनी दी। पलक ने जून, 2018 के अंत तक शादी करने का अल्टीमेटम दिया था। इसी के चलते उन्होंने 12 जून, 2018 को खुद को गोली मार ली।”

पुलिस को जांच में सबूत मिले हैं कि तीनों मिलकर उन्हें ब्लैकमेल करते थे। कई अश्लील वीडियो चेट भी मिले है। जांच में पता चला कि पलक व विनायक उन्हें दवाएं देते थे, जिनमें शारीरिक तौर पर कमजोर करने की भी दवाएं होती थीं। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें