जिम्बाब्वे ने सुपर-8 में एंट्री मारकर रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया 17 साल बाद T20 WC से ऐसे हुआ बाहर
Zimbabwe Super 8 T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में जगह पक्की कर ली है। जिम्बाब्वे ने आयरलैंड मैच रद्द होने के बाद अगले राउंड का टिकट कटाया।

सिकंदर रजा की अगुवाई वाली जिम्बाब्वे टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जिम्बाब्वे ने टूर्नामेंट में पहली बार सुपर-8 राउंड में जगह पक्की कर ली है। जिम्बाब्वे ने पल्लेकेले में आयरलैंड मैच रद्द होने के बाद अगले राउंड का टिकट कटाया। मंगलवार को जिम्बाब्वे बनाम आयरलैंड ग्रुप बी मैच में बारिश के कारण टॉस तक नहीं हो पाया। मैच रद्द होने की वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक बांटना पड़ा। जिम्बाब्वे ग्रुप बी से अगले चरण में पहुंचने वाली दूसरी टीम है। उसके खाते में तीन मैचों में पांच अंक हैं। ग्रुप बी से सह-मेजबान श्रीलंका तीन मैचों में 6 अकों के साथ ने पहले ही सुपर-8 में पहुंच चुका है। आयरलैंड (चार मैचों में 3 अंक) के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया (तीन मैचों में 2 अंक) की भी सुपर-8 राउंड की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया के साथ 17 साल बाद हुआ ऐसा
ऑस्ट्रेलिया 17 सालों के बाद टूर्नामेंट के ग्रुप चरण से बाहर हुआ है। ऑस्ट्रेलिया का इससे पहले 2009 टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से पत्ता कटा था। 2021 के टी20 वर्ल्ड कप विजेता ऑस्ट्रेलिया की अगले चरण की उम्मीदें आयरलैंड की जीत पर टिकी थीं लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। ऑस्ट्रेलिया को अपने पिछले दो मैचों में हार का सामाना करना पड़ा। श्रीलंका ने कंगारू टीम को आठ विकेट से रौंदा। वहीं, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रनों से हराकर बड़ा उलटफेर किया। ऑस्ट्रेलिया को अभी तक एकमात्र जीत आयरलैंड के खिलाफ मिली। ऑस्ट्रेलिया को अपने आखिरी ग्रुप मैच में ओमान (20 फरवरी) से भिड़ना है। चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टूर्नामेंट में कमजोर नजर आई। पैट कमिंस और जोश हेजलवुड नहीं खेले।
जिम्बाब्वे की टीम अब श्रीलंका से भिड़ेगी
जिम्बाब्वे का टूर्नामेंट में अब तक प्रदर्शन शानदार रहा है। उसके तीन तेज गेंदबाजों रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने कोलंबो में खेले गए अपने पहले मैच में तीन तीन विकेट लेकर ओमान को केवल 103 रन पर आउट कर दिया था। ब्रायन बेनेट (48 नाबाद) की अगुवाई में उसके बल्लेबाजों को आठ विकेट से जीत हासिल करने के लिए केवल 13.3 ओवरों की जरूरत पड़ी। इसके बाद जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो विकेट पर 169 रन बनाए और फिर कंगारू टीम को सिर्फ 146 रन पर ढेर कर दिया। ओपनर बेनेट ने एक बार फिर बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 64 रन बनाए, जबकि मुजरबानी और इवांस ने क्रमशः चार और तीन विकेट लेकर बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। जिम्बाब्वे अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में श्रीलंका के विरुद्ध खेलेगा।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





