इंग्लैंड में चला युजवेंद्र चहल की फिरकी का जादू, वनडे कप में इतने बल्लेबाजों को बनाया शिकार
युजवेंद्र चहल ने कमाल की फॉर्म इंग्लैंड में दिखाई है। वे वहां डोमेस्टिक वनडे क्रिकेट में नोर्थेम्पटनशायर के लिए खेल रहे हैं और 7 मैचों में 15 विकेट निकालने में सफल हुए हैं।

टीम इंडिया से बाहर चल रहे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इस समय इंग्लैंड में डोमेस्टिक क्रिकेट खेल रहे हैं। आईपीएल 2026 के बाद वे पिछले महीने मैदान पर उतरे थे और उन्होंने अब तक 7 मुकाबले लिस्ट ए क्रिकेट के खेल लिए हैं और उनमें से हर एक मैच में कम से कम एक सफलता उन्होंने चटकाई है। 7 मैचों में 15 विकेट युजवेंद्र चहल ने अब तक अपने नाम कर लिए हैं। इंग्लैंड में इस समय वनडे कप खेला जा रहा है। इसी लिस्ट ए टूर्नामेंट में चहल नोर्थेम्पटनशायर के लिए खेल रहे हैं, जहां उनका प्रदर्शन कमाल का रहा है।
भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की राह तक रहे युजवेंद्र चहल कुछ समय तक अलग-अलग कारणों से खेल पर उतना ध्यान नहीं दे रहे थे। यहां तक कि शराब की लत भी उन्हें लग गई थी, लेकिन एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वे अब शराब नहीं पीते हैं। पूरा फोकस अब वे क्रिकेट पर कर रहे हैं और यही वजह है कि उन्होंने इंग्लैंड में प्रोफेशनल क्रिकेट खेलकर खुद को और मजबूत करने का फैसला किया है। पारिवारिक वजह भी उनकी खराब फॉर्म और क्रिकेट से दूरी की वजह थी, लेकिन अब कुछ चीजें सुलझ गई हैं।
3 साल से नहीं खेले एक भी इंटरनेशनल मैच
अगस्त 2023 में युजवेंद्र चहल ने आखिरी इंटरनेशनल मैच टीम इंडिया के लिए खेला था। तीन साल से वे टीम से बाहर हैं। 2024 के टी20 वर्ल्ड कप में वे टीम का हिस्सा जरूर थे, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था। इसके बाद शायद ही उन्हें टीम इंडिया से बुलावा आया। इस दौरान उनकी फॉर्म भी बहुत अच्छी नहीं रही। आईपीएल भी औसत ही गए, लेकिन अब शायद फिर से वह टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी पेश कर रहे हैं। हो सकता है कि उनका फोकस वर्ल्ड कप 2027 पर हो।
चहल का ऐसा रहा है अब तक इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन
युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड में लिस्ट ए मैचों में हिस्सा लेते हुए। पहले दोनों मैचों में 2-2 विकेट निकाले थे, जबकि तीसरे और चौथे मैच में उनको एक-एक विकेट मिला था और फिर इसके बाद 4 विकेट एक मैच में उन्होंने चटकाए। छठे मैच में 2 और सातवें मैच में 3 सफलताएं उन्होंने अपनी टीम को दिलाईं। हालांकि, टीम ने 7 मैचों में से सिर्फ 3 ही मैच जीते, जबकि 4 मैचों टीम को हार मिली। खाते में 12 पॉइंट हैं और टीम ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है।



