
युवराज सिंह और हरमनप्रीत कौर को दिया गया बड़ा सम्मान, इस स्टेडियम में दोनों के नाम पर स्टैंड
युवराज सिंह और हरमनप्रीत को बड़ा सम्मान दिया गया है। न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में दोनों के नाम पर स्टैंड का अनावरण किया गया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस मौके पर मौजूद थे।
विश्व कप विजेता क्रिकेटर युवराज सिंह और हरमनप्रीत कौर के सम्मान में गुरुवार को न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम के दो स्टैंड उनके नाम पर किए गए। वनडे विश्व कप 2011 के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे युवराज और भारत को हाल में पहला महिला विश्व कप दिलाने वाली कप्तान हरमनप्रीत इस मौके पर अपने परिवार, दोस्तों के साथ थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस मौके पर मौजूद थे।
युवराज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए भी देखा गया। स्टेडियम में युवराज के पूर्व साथी हरभजन सिंह के नाम पर पहले से एक पवेलियन है और अब गुरुवार को साइटस्क्रीन के दूसरी तरफ हरमनप्रीत के नाम का स्टैंड भी शामिल हो गया।
विश्व कप जीतने के बाद भारतीय महिला टीम 21 से 30 दिसंबर तक श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज खेलेगी। शुरुआती दो मैच विशाखापत्तनम में और बाकी तीन मैच तिरुवनंतपुरम में होंगे। इस द्विपक्षीय सीरीज का कार्यक्रम भारत और बांग्लादेश के बीच दिसंबर में भारत में होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज के पिछले महीने स्थगित होने के बाद घोषित किया गया था। भारत और श्रीलंका ने पिछली बार अक्टूबर 2024 में विश्व कप के दौरान टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
गुनालन कमालिनी और वैष्णवी शर्मा को श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर होने सीरीज के लिए भारतीय महिला टीम में पहली बार शामिल किया गया। कमालिनी और वैष्णवी को राधा यादव और उमा छेत्री के स्थान पर टीम में जगह दी गई है जो पिछले महीने वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। कमालिनी और वैष्णवी के अलावा टीम में सभी जाने-पहचाने नाम शामिल हैं। हरमनप्रीत टीम की कप्तानी करेंगी जबकि स्मृति मंधाना उपकप्तान हैं।





