'यशस्वी जायसवाल यह सवाल जरूर पूछेगा', वनडे टीम से पत्ता काटने पर आकाश चोपड़ा की खरी-खरी
यशस्वी जायसवाल को शतक जड़ने के बावजूद भारतीय वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। आकाश चोपड़ा ने युवा ओपनर को बाहर किए जाने पर खुलकर अपनी राय का इजहार किया है।

युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को एक बार फिर भारत के वनडे स्क्वॉड से बाहर कर दिया गया है। उन्हें इंग्लैंड दौरे पर तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया। 24 वर्षीय यशस्वी ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में नाबाद 110 रनों की पारी खेली थी। उन्होंने 86 गेंदों का सामना करने के बाद 14 चौके और तीन छक्के लगाए थे। स्टार क्रिकेटर विराट कोहली के चोटिल होने के कारण यशस्वी को अफगानिस्तान सीरीज के लिए चुना गया था। हालांकि, कोहली की अब फिटनेस मंजूरी मिलने की शर्त पर 15 सदस्यीय वनडे टीम में वापसी हो गई है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने यशस्वी का पत्ता कटने पर दुख जताया और खरी-खरी बात कही।
'यशस्वी यह सवाल अपने जरूर पूछेगा'
आकाश ने सोमवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''यशस्वी जायसवाल के लिए दुख होता है। गिने-चुने मैच खेला है और दो सेंचुरी लगाई हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी मैच में सेंचुरी जड़ी थी तो अगली सीरीज में ड्रॉप हो गया। यहां अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी मैच में शतक मारा और अगली सीरीज में ड्रॉप कर दिया गया। और क्या करूं मैं? यशस्वी यह सवाल अपने आप से जरूर पूछेगा। रोहित शर्मा के साथ शुभमन गिल हैं। ईशान किशन आपको कई ऑप्शन देते हैं। वह कीपर, बैकअप मिडिल ऑर्डर और बैकअप ओपनर भी हैं। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो हर जगह फिट हो जाते हैं। हालांकि, आपको यशस्वी के लिए सोचना होगा। वह रन बना रहे हैं लेकिन उनका नाम फिर भी नहीं आ रहा है।''
'वरना यशस्वी का कोई चांस नहीं था'
उन्होंने आगे कहा, ''विराट कोहली को फिटनेस मंजूरी मिलने की शर्त पर टीम में चुना गया है। शायद 26 जून को उनका फिटनेस टेस्ट है। अगर वह टेस्ट क्लियर कर लेंगे तो खेलेंगे। अगर ऐसा नहीं होता है तो आप दोबारा यशस्वी का नाम इस टीम में जुड़ते हुए देखेंगे। अभी कोहली के टेस्ट पर नजरें होंगी। यशस्वी अफगानिस्तान सीरीज में कोहली के चोटिल होने के कारण आए थे। वरना उनका आने का कोई चांस नहीं था। अगर कोहली आ जाएंगे तो यशस्वी बाहर रहेंगे। यह थोड़ा दुखद है।'' भारत बनाम इंग्लैंड वनडे सीरीज का आगाज 14 जुलाई से एजबेस्टन में होना है।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय स्कॉड: शुभमन गिल (कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली (फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर), केएल राहुल (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, ईशान किशन (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



