
अक्टूबर के लिए सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की रेस में स्मृति मंधाना, गार्डनर-लॉरा से है टक्कर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। ऐश गार्डनर और लॉरा वुलफार्ट भी रेस में शामिल हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को अक्टूबर महीने के लिए आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार की दौड़ में शामिल किया गया है। मंधाना ने अक्टूबर में शानदार प्रदर्शन किया था, जिसकी बदौलत उन्हें यह नामांकन मिला है। अक्टूबर के लिए आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार की दौड़ में नोमान अली, सेनुरन मुथुसामी और राशिद खान शामिल हैं, जबकि आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप की स्टार खिलाड़ी ऐश गार्डनर, स्मृति मंधाना और लॉरा वुलफार्ट ने महिला वर्ग में जगह बनाई है।
भारत की सलामी बल्लेबाज मंधाना और दक्षिण अफ्रीका की वुलफार्ट आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के बड़े मैचों में महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद इस प्रतिष्ठित महिला मासिक पुरस्कार की दौड़ में हैं। दोनों श्रेणियों के लिए तीन नामांकितों को प्रत्येक कैलेंडर माह के पहले से आखिरी दिन तक के प्रदर्शन के आधार पर शॉर्टलिस्ट किया गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में मंधाना ने 58, 117 और 125 रनों की प्रभावशाली पारियां खेली थीं। स्मृति मंधाना पहले भी यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुकी हैं। उन्होंने सितंबर 2025 के लिए भी आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीता था। स्मृति मंधाना ने हाल ही में संपन्न हुए आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 में भारत के लिए शानदार और रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने टूर्नामेंट में 9 पारियों में 434 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर गार्डनर अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह बनाने वाली ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की तिकड़ी में शामिल हैं। पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर नोमान और दक्षिण अफ्रीका के मुथुस्वामी को पाकिस्तान में दो मैचों की आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज में अपनी-अपनी टीमों को एक-एक मैच जिताने में मदद करने के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। यह सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी। लेग स्पिनर राशिद को सफेद गेंद वाले क्रिकेट में उनके प्रदर्शन के आधार पर यह नामांकन मिला है।






