
महिला विश्व कप की सुपर स्टार दीप्ति शर्मा का घर पहुंचने पर आगरा में जोरदार स्वागत; VIDEO
अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत को पहली बार महिला विश्व कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली दीप्ति शर्मा का गुरुवार को आगरा में अपने घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान 10 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया गया।
अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से भारत को पहली बार महिला विश्व कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली दीप्ति शर्मा का गुरुवार को आगरा में अपने घर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान 10 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया गया।

भारत ने दो नवंबर को नवी मुंबई में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराया था। जिसमें दीप्ति ने अर्धशतक बनाने के अलावा पांच विकेट भी लिए थे।
टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गईं दीप्ति के सम्मान में जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित रोड शो में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
स्कूली बच्चे, क्रिकेट प्रेमी, गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न सामाजिक एवं खेल संगठनों के सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल हुए तथा रोड शो के मार्ग पर झंडे लहराते हुए और फूल बरसाते हुए नजर आए।
समारोह के दौरान सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए 150 से अधिक पुलिस और यातायात कर्मियों को तैनात किया गया था।
महिला विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दीप्ति शर्मा ने पहले अपनी बेखौफ बल्लेबाजी और बाद में कातिलाना गेंदबाजी से करोड़ों क्रिकेट फैंस का मन मोहा। उन्होंने 58 गेंदों में 58 रन की पारी खेलने के बाद दक्षिण अफ्रीका के 5 विकेट चटकाए। महिला या पुरुष विश्व कप के फाइनल में इससे पहले किसी भी खिलाड़ी ने फिफ्टी और 5 विकेट हॉल का डबल नहीं बनाया है।
दीप्ति शर्मा महिला विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज रहीं। उन्होंने 9 मैच में कुल 22 विकेट झटके। इसके अलावा उन्होंने 3 अर्धशतकों की मदद से 215 रन भी बनाए। इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें महिला विश्व कप का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।




