World Cup Prize Money: भारतीय बेटियां हुईं मालामाल, वर्ल्ड कप चैंपियन बनने पर मिला इतने करोड़ का इनाम
Women's World Cup 2025 Prize Money: भारतीय टीम की बेटियां वर्ल्ड कप चैंपियन बनने पर मालामाल हो गई हैं। आईसीसी से ही उनको विजेता बनने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये का इनाम मिला है, जबकि साउथ अफ्रीका पर भी धनवर्षा हुई है।
Women's World Cup 2025 Prize Money: भारतीय टीम की बेटियां वर्ल्ड कप चैंपियन बन गई हैं और खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम मालामाल हो गई है। आईसीसी से ही उनको वुमेंस वर्ल्ड कप 2025 की विजेता बनने के लिए करीब 40 करोड़ रुपये का इनाम मिला है, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम पर भी धनवर्षा हुई है, जो खिताबी मैच में हार झेली। इतना ही नहीं, बीसीसीआई भी इस प्राइज मनी को मैच कर सकती है। इस तरह भारतीय महिला टीम को करीब 80 करोड़ का इनाम मिलने की संभावना है।

दरअसल, आईसीसी ने टूर्नामेंट से पहले ही इस बात का ऐलान कर दिया था कि आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के लिए 13.88 मिलियन यूएस डॉलर का इनाम होगा, जो भारतीय रुपयों में 123 करोड़ रुपये के आसपास बैठता है। इस प्राइज पूल में से विजेता टीम को 4.48 मिलियन यूएस डॉलर यानी करीब 39.78 करोड़ रुपये मिलने वाले थे। ये रकम भारतीय टीम को मिलेगी, जिसने 52 रनों के अंतर से फाइनल मैच जीता। इसके अलावा भी भारतीय टीम को इनाम मिलेगा।
आईसीसी ने ग्रुप स्टेज में प्रति एक मैच जीतने के लिए अलग से 34314 यूएस डॉलर यानी करीब 30 लाख रुपये प्रति मैच के हिसाब से रखे थे। टीम इंडिया ने लीग फेज में 3 मैच जीते थे। इस तरह करीब एक करोड़ रुपये इस तरह भारतीय बेटियों को मिलेंगे और टूर्नामेंट में पार्टिसिपेट करने के लिए ढाई लाख यूएस डॉलर का प्रावधान था, जो करीब सवा दो करोड़ रुपये बैठते हैं। इस तरह भारतीय टीम को करीब 43 करोड़ रुपये का इनाम अकेले आईसीसी से मिलेगा।
साउथ अफ्रीका भी मालामाल
वहीं, टूर्नामेंट हारने वाली साउथ अफ्रीका की टीम को 2.24 मिलियन यूएस डॉलर यानी करीब 19.88 करोड़ रुपये टूर्नामेंट की उपविजेता के तौर पर मिलेगा। इसके अलावा ग्रुप स्टेज में साउथ अफ्रीका ने 5 मैच जीते थे। इसके लिए डेढ़ करोड़ रुपये अलग से मिलेंगे और टूर्नामेंट में भागेदारी करने के लिए ढाई लाख डॉलर यानी करीब सवा दो करोड़ रुपये अतिरिक्त होंगे। इस तरह कुल करीब 24 करोड़ रुपये साउथ अफ्रीका को मिलने वाले हैं। साउथ अफ्रीका की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी।






