Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Womens World Cup 2025 ENGw vs AUSW Australia Women won by 6 wkts vs England Women Annabel Sutherland
इंग्लैंड पर भारी पड़ी कंगारू टीम, ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 5वां मुकाबला जीता

इंग्लैंड पर भारी पड़ी कंगारू टीम, ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 5वां मुकाबला जीता

संक्षेप: ऐनाबेल सदरलैंड और एशले गार्डनर के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने बुधवार को महिला वनडे विश्वकप के 23वें मुकाबले में इंग्लैंड को 57 गेंदे शेष रहते छह विकेट से हरा दिया।

Wed, 22 Oct 2025 10:53 PMHimanshu Singh Varta
share Share
Follow Us on

ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ महिला विश्व कप मुकाबले में 6 विकेट से जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्ल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट 244 का स्कोर बनाया। इंग्लैंड के लिए सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट ने 105 गेंदों में 10 चौके और एक छक्के की मदद से 78 रन की पारी खेली। 245 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 68 रन के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे। फीबी लिचफील्ड (एक) जॉर्जिया वॉल (छह), ऐलिसा पेरी (13) और बेथ मूनी (20) रन बनाकर आउट हुई ऐसे संकट की घड़ी में सदरलैंड और गार्डनर ने 180 रनों की शतकीय साझेदारी करते हुए टीम को 40.3 ओवरों में 248 का स्कोर कर जीत दिला दी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह टूर्नामेंट में अब तब अजेय रहते हुए तालिका में शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। लॉरेन बेल (48 रन पर एक विकेट) और लिंसी स्मिथ (43 रन पर दो विकेट) ने छह ओवर के अंदर तीन विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया था लेकिन सात बार के विश्व चैंपियन ने अपनी मजबूत बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए एक बार फिर साबित किया कि टूर्नामेंट में उसके और अन्य टीमों में बड़ा अंतर है।

बेथ मूनी (20) ने सदरलैंड के साथ चौथे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी की और विकेटों के पतन को रोका जबकि गार्डनर ने क्रीज पर आते ही आक्रामक रुख के साथ इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। गार्डनर ने अपनी पारी के दौरान मैदान के चारों ओर 16 चौके जड़े जबकि धैर्य के साथ बल्लेबाजी करने वाली सदरलैंड ने नौ चौके और एक छक्का जड़ा। सदरलैंड के पास भी शतक पूरा करना मौका था। उन्हें शतक पूरा करने के लिए तीन रन की जरूरत थी और टीम को जीत के लिए दो रन की। सदरलैंड ने हालांकि एक रन लेकर स्ट्राइक गार्डनर को दे दी जिन्होंने चौके के साथ टीम को जीत दिला दी।

इससे पहले इंग्लैंड के लिए ब्यूमोंट ने 105 गेंद की पारी में 10 चौके और एक छक्का लगा एक छोर से विकेट गिरने के बावजूद रन बनाना जारी रखा लेकिन टीम की रन गति को आखिरी ओवरों में एलिस कैप्सी (32 गेंद में 38 रन) और चार्ली डीन (27 गेंद में 26 रन) ने सातवें विकेट के लिए 52 गेंद में 61 रन की साझेदारी के साथ तेज किया। ब्यूमोंट ने बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर अपनी पहली ही गेंद को स्क्वायर लेग पर चौका लगाने के बाद किम गार्थ की गेंद पर मिड-विकेट पर शानदार छक्का जड़कर लय में होने का संकेत दिया।

दूसरी तरफ एमी जोन्स (18) ने मेगन शट की गेंद पर तीन चौके जड़ ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों को परेशान किया। आत्मविश्वास से भरी ब्यूमोंट ने गार्थ को निशाना बनाना जारी रखते हुए एक ही ओवर में तीन और चौके जड़े। सदरलैंड ने अपनी धीमी गेंद पर जोन्स को चकमा देकर बोल्ड किया और ब्यूमोंट के साथ 55 गेंद में 55 रन की साझेदारी को तोड़ा।

ब्यूमोंट ने हालांकि 44 गेंदों में मौजूदा टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। लेकिन इसके बाद स्पिनरों ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर नकेल कसना शुरू कर दिया। इस बीच ब्यूमोंट को हीथर नाइट (20) का साथ मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े। मोलिनक्स ने नाइट को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा, जबकि किंग ने कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (सात) को चलता कर इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ दी।

ये भी पढ़ें:एडिलेड में गरजा है विराट कोहली का बल्ला, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी ठोका है शतक

दबाव के बीच सोफिया डंकले (22) ब्यूमोंट का साथ देने क्रीज पर आयी लेकिन किंग और मोलिनक्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने यह जोड़ी रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखी। दोनों ने 42 रन की साझेदारी के लिए 74 गेंद खर्च किये। ब्यूमोंट ने कुछ बाउंड्री लगाकर दबाव कम करने कोशिश की, लेकिन उनका आक्रामक इरादा महंगा साबित हुआ। उन्होंने सदरलैंड की धीमी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन लॉन्ग-ऑन पर जॉर्जिया वोल ने शानदार कैच लपक उनकी शानदार पारी का अंत किया।

एम्मा लैंब (सात) कुछ खास नहीं कर सकी जबकि डंकले भी बडे शॉट की कोशिश में गार्डनर की गेंद पर स्टंप हो गयी। कैप्सी और डीन ने कुछ जोरदार शॉट लगाकर टीम के स्कोर को 240 रन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |