
दीप्ति शर्मा ने 'चौका' लगाकर रचा इतिहास, ये कारनामा करने वाली बनीं पहली भारतीय क्रिकेटर
India Women vs England Women: भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने इंडिया वर्सेस इंग्लैंड वर्ल्ड कप मैच में चार विकेट चटकाए। उन्होंने एक बड़ा कारनामा अंजाम दिया है।
भारत की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रविवार को आईसीस महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ विकेटों का 'चौका' लगाया। उन्होंने इंदौर के होल्कर क्रिकेट स्टेडियम में 10 ओवर में 51 रन खर्च करने के बाद चार शिकार किए। दीप्ति ने सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट (22), एमी जोन्स (56), एम्मा लैम्ब (11) और एलिस कैप्सी (2) को पवेलियन भेजा। 28 वर्षीय दीप्ति ने महिला वनडे क्रिकेट में इतिहास रच डाला है।

दरअसल, दीप्ति महिला वनडे में दो हजार प्लस रन बनाने और 150 विकेट लेने का कारनामा अंजाम देने वाली पहली भारतीय और दुनिया की चौथी क्रिकेटर बन गई हैं। उनसे पहले यह कमाल ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी, साउथ अफ्रीका की मारिजाने कैप और वेस्टइंडीज की स्टेफनी टेलर ने किया। दीप्ति ने नवंबर 2014 में वनडे डेब्यू किया था। वह अब तक अपने करियर में 117 वनडे मैच खेल चुकी हैं।
महिला वनडे क्रिकेट में 2000+ रन और 150 विकेट
4414, 166 - एलिस पेरी (ऑस्ट्रेलिया-विजेता)
5873, 155 - स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज-विजेता)
3397, 172 - मारिज़ैन काप (दक्षिण अफ्रीका-विजेता)
2607, 153 - दीप्ति शर्मा (भारत-विजेता)
दीप्ति ने एक और उपलब्धि हासिल की है। वह महिला वनडे में भारत के लिए 150 प्लस विकेट लेने वाली दूसरी खिलाड़ी बन गई हैं। उनसे आगे पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी हैं। झूलन ना सिर्फ भारत के लिए बल्कि महिला वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उन्होंने 204 मैचों में 255 विकेट झटके। झूलन ने सितंबर 2022 में अपना आखिरी इंटरनेसनल मैच खेला।
महिला वनडे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली भारतीय प्लेयर
झूलन गोस्वामी: 204 मैचों में 255 विकेट
दीप्ति शर्मा: 117 मैचों में 151 विकेट
नीतू डेविड: 97 मैचों में 141 विकेट
नूशिन अल खादीर: 78 मैचों में 100 विकेट
राजेश्वरी गायकवाड़: 64 मैचों में 99 विकेट
मैच की बात करें तो हीथर नाइट (109) की शानदार शतकीय के बावजूद इंग्लैंड टीम आठ विकेट पर 288 रन ही बना सकी। अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही नाइट ने तूफानी बल्लेबाजी के दौरान 91 गेंद खेलीं और इस दौरान 15 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने अपना तीसरा वनडे शतक और महिला वनडे में अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया।




