वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर भारत की नजर,शेफाली को स्मृति मंधाना-हरमनप्रीत कौर से मिले टिप्स

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने कहा कि टीम आगे की कड़ी चुनौतियों के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि हरमनप्रीत और मंधाना ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए टिप्स दिए हैं। भारत का अगला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से है।

वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर भारत की नजर,शेफाली को स्मृति मंधाना-हरमनप्रीत कौर से मिले टिप्स

भारतीय टीम ने महिला टी20 विश्व कप में दमदार शुरुआत की। शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले से पहले कहा कि मानसिक रूप से मजबूत रहने से उन्हें हाल के खराब प्रदर्शन से उबरने में मदद मिली। उन्होंने बताया कि सीनियर खिलाड़ी स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर से मिली सलाह ने भी सहज और शांत होकर खेलने में उनकी सहायता की। जारी टी20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 64 रन से और दूसरे मैच में नीदरलैंड को 95 रन से हराया।

नीदरलैंड के खिलाफ शेफाली ने 38 गेंदों में 55 रन बनाकर लय में लौटने के संकेत दिए। उन्होंने मंधाना के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की जिससे भारत पांच विकेट पर 209 रन बनाने में सफल रहा। शेफाली ने विश्व कप से पहले खेले गए द्विपक्षीय मैचों के संदर्भ में कहा, ''इंग्लैंड के खिलाफ (द्विपक्षीय सीरीज में) हम अच्छी साझेदारियां नहीं कर पाए लेकिन हम आपस में इस संदर्भ में काफी बातचीत कर रहे थे और एक दूसरे का हौसला बढ़ा रहे थे।''

मंधाना और हरमनप्रीत ने दी सलाह

उन्होंने कहा, ''हमने पिछले मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था। उसके बाद मैंने नेट पर काफी अभ्यास किया। मैंने जमीन पर शॉट खेलने की कोशिश की, मानसिक रूप से खुद को मजबूत बनाए रखने की कोशिश की और हमारी साझेदारी बहुत अच्छी रही।'' इस आक्रामक सलामी बल्लेबाज ने कहा कि बल्लेबाजी करते समय मंधाना को उन्हें ज्यादा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती।

उन्होंने कहा, ''उन्हें मुझे बहुत ज्यादा निर्देश देने की जरूरत नहीं पड़ती। वह बहुत समझदार है। मैं हर गेंद पर छक्का लगाने के बारे में सोचती हूं लेकिन वह मुझे शांत बनाए रखती है। वह कहती है कि मुझे अधिक शॉट जमीन पर खेलने होंगे।'' शेफाली ने कहा, ''सबसे अच्छी बात यह है कि जिन गेंदबाजों के सामने मैं खुलकर नहीं खेल पाती उन पर वह अच्छे शॉट खेलती है। हम दोनों जानते हैं कि जब कोई ऑफ-स्पिनर या बाएं हाथ का स्पिनर गेंदबाजी करने आता है तो स्ट्राइक किसे लेनी चाहिए। हम कई साल से साथ में खेलते आ रहे हैं और जानते हैं कि स्ट्राइक किसे देनी चाहिए।''

उन्होंने आगे कहा, "हरमन दी (हरमनप्रीत कौर) हमेशा मुझे कॉन्फिडेंट रखती हैं। वो मेरी क्षमताओं पर भरोसा करती हैं और मैं उनको दिखाना चाहती थी कि मैं गेंदबाजी से भी टीम को डिलीवर कर सकती हूँ। जब भी टीम मुश्किल स्थिति में होती है, तो वो मुझे परफॉर्म करने के लिए पूरा समर्थन देती हैं। उनका वो विश्वास मेरे लिए बहुत मायने रखता है। जब आपकी कप्तान आपको इतना भरोसा करती है तो इससे अलग ही तरह का जोश मिलता है।

ट्रॉफी उठाने पर फोकस

शेफाली ने जियोस्टार के एक शो में कहा, ''टी20 वर्ल्ड कप के पहले दो मैच जीतना बहुत अच्छा लग रहा है। हमने दोनों मैच बड़े अंतर से जीते हैं, जो इस टूर्नामेंट में बहुत महत्वपूर्ण है। ड्रेसिंग रूम का माहौल बेहद सकारात्मक है। हम लगातार जीत दर्ज करना चाहते हैं ताकि बिना किसी अंतिम समय के दबाव के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकें। हमें आने वाले मैचों में भी इसी लय को बरकरार रखने की जरूरत है। हर मैच अहम है और हम किसी भी चीज को हल्के में नहीं ले रहे हैं। हम लगातार सुधार करते रहना चाहते हैं और ट्रॉफी उठाने के बड़े लक्ष्य पर फोकस बनाए रखना चाहते हैं।"

भारत रविवार को मैनचेस्टर में ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका का सामना करेगा और शेफाली ने कहा कि टीम आगे की कड़ी चुनौतियों के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ''हमारे बल्लेबाज और गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हम सभी जानते हैं कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच हमारे लिए कितना महत्वपूर्ण होगा। हम इसके लिए तैयार हैं।''

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh

हिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)

हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।


परिचय और अनुभव

हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।


खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।