पाकिस्तान पर भारत की धमाकेदार जीत पर सचिन तेंदुलकर का रिएक्शन वायरल, ‘सबसे खास परफॉर्मेंस देखना मिस कर गया’

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

भारत ने आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रनों से रौंदकर टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया। टीम इंडिया की इस जीत पर सचिन तेंदुलकर का रिएक्शन वायरल हो रहा है।

पाकिस्तान पर भारत की धमाकेदार जीत पर सचिन तेंदुलकर का रिएक्शन वायरल, ‘सबसे खास परफॉर्मेंस देखना मिस कर गया’

क्रिकेट के मैदान पर भारत की पाकिस्तान पर जीत हो और सचिन तेंदुलकर का रिएक्शन ना आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। रविवार, 14 जून की रात हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने ओपनिंग मुकाबले में पाकिस्तान को 64 रनों से हराया। सचिन तेंदुलकर इस मैच को तो नहीं देख पाए, क्योंकि वह फ्लाइट से कहीं ट्रैवल कर रहे थे, मगर उन्होंने इस जीत पर भारतीय खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने साथ ही लिखा भी कि वह अपनी टीम का सबसे खास परफॉर्मेंस देखना मिस कर गए।

टीम इंडिया की जीत पर सचिन तेंदुलकर का रिएक्शन

सचिन तेंदुलकर ने X पर लिखा, “अभी-अभी लैंड किया और रिजल्ट देखा। लगता है मैं अपनी टीम का सबसे खास परफॉर्मेंस देखना मिस कर गया। स्मृति की पारी और दीप्ति शर्मा के पांच विकेट की तारीफ तो होगी ही, लेकिन श्री चरणी, ऋचा घोष और बाकी ग्रुप के योगदान ने इसे सच में एक कम्प्लीट परफॉर्मेंस बना दिया। कैंपेन की क्या शानदार शुरुआत है!!”

कैसा रहा IND vs PAK मैच?

सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अर्धशतक के बाद अनुभवी दीप्ति शर्मा के पांच विकेट से भारत ने आईसीसी टी20 महिला वर्ल्ड कप के ग्रुप एक मैच में रविवार को पाकिस्तान को 64 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की। भारत के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति (10 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (21 रन पर तीन विकेट) और शैफाली वर्मा (22 रन पर एक विकेट) ने भी दीप्ति का अच्छा साथ निभाया।

सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (41) पाकिस्तान की ओर से शीर्ष स्कोरर रहीं। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाई।

स्मृति ने इससे पहले दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 44 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 35 गेंद, चार चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी भी की जिससे भारत ने छह विकेट पर 170 रन बनाए जो टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका सर्वोच्च स्कोर है। ऋचा घोष ने अंत में 17 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से 34 रन की पारी खेली और दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंद में 45 रन की तेजतर्रार साझेदारी भी की।

पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने 33 जबकि बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल ने 41 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। रमीन शमीन (30 रन पर एक विकेट) और तस्मिया रुबाब (41 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।