वेस्टइंडीज के साथ हो जाता खेला! आयरलैंड से हारने के बावजूद मिला टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का टिकट; जानें कैसे
ICC Womens T20 World Cup में वेस्टइंडीज के साथ खेला होते-होते बचा। आयरलैंड के खिलाफ आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबला हारने के बावजूद उन्होंने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। आईए जानते हैं कैसे

ICC Womens T20 World Cup में कल यानी शनिवार, 27 जून का दिन काफी रोमांचक रहा। 2 बार की चैंपियन वेस्टइंडीज को अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में आयरलैंड के हाथों बड़े उलटफेर का शिकार होना पड़ा। इस हार की वजह से उनकी सेमीफाइनल की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा था। वेस्टइंडीज की हार से न्यूजीलैंड के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे पूरी तरह से खुल गए थे। हालांकि ऐसा संभव नहीं हो पाया। न्यूजीलैंड की टीम ने इस मौके को गंवाया और वेस्टइंडीज की टीम आयरलैंड से हारने के बावजूद सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रही। ग्रुप-बी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। आईए जानते हैं वेस्टइंडीज को कैसे आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल का टिकट मिला।
वेस्टइंडीज के साथ हुआ बड़ा उलटफेर
हेली मैथ्यूज की अगुवाई वाली वेस्टइंडीज की टीम ने आयरलैंड के खिलाफ आखिरी ग्रुप स्टेज मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग की। निर्धारित 20 ओवर में विंडीज ने 7 विकेट के नुकसान पर 128 रन ही बोर्ड पर लगाए। वेस्टइंडीज भी जानता था कि यह स्कोर काफी कम है और उनके साथ बड़ा उलटफेर हो सकता है। वेस्टइंडीज के लिए इस मैच में चिनेल हेनरी 27 रनों के साथ टीम की हाईएस्ट स्कोरर रहीं।
129 के टारगेट का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम ने कमाल ही कर दिया। 18.1 ओवर में इस स्कोर को हासिल कर उन्होंने आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना पहला मैच जीता। आयरिश टीम की जीत की नायिका ओर्ला प्रेंडरगैस्ट रहीं, जिन्होंने 44 गेंदों पर 8 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेली। आयरलैंड ने 6 विकेट रहते इस मैच में बड़ी जीत दर्ज की।
वेस्टइंडीज के खाते में इस हार के बाद 6 ही अंक रह गए और उन पर टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा। वहीं न्यूजीलैंड की किस्मत चमक गई। WI W vs IRE W मैच के बाद न्यूजीलैंड का मेजबान इंग्लैंड से मुकाबला था। अगर कीवी टीम वह मैच जीत जाती तो वेस्टइंडीज टूर्नामेंट से बाहर हो जाता और उन्हें सेमीफाइनल का टिकट मिल जाता।
न्यूजीलैंड ने गंवाया गोल्डन चांस
डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड के पास आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बेहद खराब शुरुआत के बाद भी सेमीफाइनल में जगह बनाने का गोल्डन चांस था, मगर वह इस मौके को भुना नहीं पाए। अगर इंग्लैंड से वह अपना आखिरी ग्रुप स्टेज मैच जीत जाते तो उनके खाते में भी 6 अंक हो जाते और वह बेहतर नेट रन रेट होने के चलते सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेते। मगर कीवी टीम ऐसा नहीं कर पाई, उन्हें इंग्लैंड के हाथों 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 164 रनों का टारगेट रखा था, जिसे इंग्लैंड ने 17.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। डैनी वायट-हॉज एक बार फिर इंग्लैंड की जीत में चमकीं और 89 रनों की शानदार पारी खेली।



