हरमनप्रीत कौर ने वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में रचा इतिहास, मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ बनीं नंबर-1 भारतीय
हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के महामुकाबले में 36 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इस पारी के दम पर वह पूर्व कप्तान मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बैटर बनीं।

हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले हराया। पाकिस्तान पर 64 रनों से बड़ी जीत दर्ज करते हुए भारत ने अपने अभियान का आगाज किया। टीम इंडिया की जीत की नायिका दीप्ति शर्मा रहीं जिन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 10 रन खर्च कर 5 विकेट चटकाए, उन्हें इस शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान के सामने 171 रनों का टारगेट रखा था, इस स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रनों पर ही सिमट गई। IND vs PAK मैच के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर भी इतिहास रचने में कामयाब रही।
हरमनप्रीत कौर ने खेली बेहद अहम पारी
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर उस समय बैटिंग करने आईं, जब पारवप्ले में भारत महज 18 के स्कोर पर 2 विकेट शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स के रूप में खो चुका था। तब हरमन ने स्मृति मंधाना के साथ 91 रनों की साझेदारी कर ना सिर्फ टीम इंडिया को मुश्किल से निकाला, बल्कि बड़े स्कोर की राह भी दिखाई। हालांकि हरमनप्रीत कौर ने इस दौरान रन-अ-बॉल 35 गेंदों पर 36 रनों की पारी खेली, मगर वह पूर्व कप्तान मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहीं।
इस 36 रनों की पारी के साथ हरमनप्रीत कौर वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बन गईं हैं। हरमनप्रीत कौर के नाम इस टूर्नामेंट में अब सबसे अधिक 762 रन दर्ज हैं, वहीं मिताली राज ने 726 रन बनाए थे।
वुमेंस T20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन
762 - हरमनप्रीत कौर*
726 - मिताली राज
592 - स्मृति मंधाना
408 - जेमिमा रोड्रिग्स
375 - पूनम राउत
हरमनप्रीत कौर का 10वीं टी20 वर्ल्ड कप
हरमनप्रीत कौर 10 टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाली पहली भारतीय प्लेयर बनीं हैं, उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने अपने करियर में 9 बार इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था।
हरमनप्रीत कौर ने सबसे पहले साल 2009 के महिला टी-20 विश्व कप में हिस्सा लिया था, उसके बाद से जितने भी महिला टी-20 विश्व कप हुए हैं, उन सभी में कौर ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
कौर ने साल 2009 में भारतीय टीम का हिस्सा बनने के बाद 2010, 2012, 2014 और 2016 के टी-20 विश्व कप में हिस्सा लिया। उन्होंने साल 2018 के टी-20 विश्व कप में भी शिरकत की। कौर ने साल 2020 के विश्व कप में भी अपनी भागीदारी निभाई। 2023 और 2024 में हुए महिला टी-20 विश्व कप में भी हरमनप्रीत कौर भारतीय टीम में रहीं। अब वे 2026 का भी विश्व कप खेल रही हैं और भारतीय टीम का नेतृत्व भी कर रही हैं।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



