Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Wolvaardt Kapp Shine As South Africa thrashed England in Women World Cup semifinal to Reach For the First Time in Final
वोलवार्ट और कैप ने सेमीफाइनल में उड़ाए इंग्लैंड के परखच्चे, दक्षिण अफ्रीका को पहली बार मिली ये खुशी

वोलवार्ट और कैप ने सेमीफाइनल में उड़ाए इंग्लैंड के परखच्चे, दक्षिण अफ्रीका को पहली बार मिली ये खुशी

संक्षेप:

लॉरा वोलवार्ट और मारिजेन कैप ने महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 सेमीफाइनल में इंग्लैंड के परखच्चे उड़ा दिए। यह मैच गुवाहाटी के मैदान पर आयोजित हुआ। दक्षिण अफ्रीका को पहली बार फाइनल में पहुंचने की खुशी नसीब हुई है। 

Oct 29, 2025 10:47 pm ISTMd.Akram गुवाहाटी, भाषा
share Share
Follow Us on

कप्तान लॉरा वोलवार्ट के शानदार शतक के बाद मारिजेन कैप की तूफानी गेंदबाजी से दक्षिण अफ्रीका ने बुधवार को गुवाहाटी में सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रन से हराकर पहली बार आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई। दक्षिण अफ्रीका के 320 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम कैप (20 रन पर पांच विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 42.3 ओवर में 194 रन पर ढेर हो गई। नेदिन डि क्लर्क ने भी 24 रन देकर दो विकेट चटकाए। कप्तान नैट स्काइवर ब्रंट (64) और एलिस कैप्सी (50) ने अर्धशक जड़ने के अलावा चौथे विकेट के लिए 105 रन भी जोड़े लेकिन इंग्लैंड को लक्ष्य के करीब भी नहीं ले जा सके।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दक्षिण अफ्रीका ने लीग चरण का लिया बदला

दक्षिण अफ्रीका ने इससे पहले वोलवार्ट की 143 गेंद में 17 चौकों और तीन छक्कों से 169 रन की तेजतर्रार पारी के अलावा ताजमिन ब्रिट्स (65 गेंद पर 45 रन) के साथ पहले विकेट के लिए उनकी 116 और कैप (33 गेंद पर 42 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 319 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। क्लो ट्रायोन (26 गेंद पर नाबाद 33) और डि क्लर्क (छह गेंद पर नाबाद 11) ने पारी के अंतिम ओवरों में कुछ आक्रामक शॉट खेलकर टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया। दक्षिण अफ्रीका की टीम लीग चरण में इसी टीम के खिलाफ 69 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

जोन्स, ब्युमोंट और नाइट का नहीं खुला खाता

बाएं हाथ की स्पिनर सोफी एकलेस्टोन (44 रन पर चार विकेट) और लॉरेन बेल (55 रन पर दो विकेट) ने दक्षिण अफ्रीका के मध्यक्रम को ध्वस्त किया लेकिन वोलवार्ट ने इंग्लैंड के लिए विश्व कप सेमीफाइनल में रिकॉर्ड लक्ष्य सुनिश्चित किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में एक रन के स्कोर तक ही सलामी बल्लेबाजों ऐमी जोन्स और टैमी ब्युमोंट के अलावा हीथर नाइट का भी विकेट गंवा दिया। ये तीनों ही बल्लेबाज खाता खोलने में नाकाम रहीं। कैप ने पारी के पहले ही ओवर में दूसरी और पांचवीं गेंद पर क्रमश: ऐमी और नाइट को बोल्ड किया जबकि अगले ओवर की पहली गेंद पर अयाबोंगा खाका ने ब्युमोंट को विकेटकीपर सिनोलो जाफ्ता के हाथों कैच कराया।

स्काइवर ब्रंट ने इंग्लैंड की पारी को संवारा

स्काइवर ब्रंट और कैप्सी ने चौथे विकेट के लिए 105 रन जोड़कर पारी को संवारा लेकिन 23वें ओवर में सुने लूस ने कैप्सी को डि क्लर्क के हाथों कैच कराके इस साझेदारी तोड़ा दिया। कैप्सी ने 71 गेंद की अपनी पारी में छह चौके मारे। कैप ने इसके बाद स्काइवर ब्रंट को विकेटकीपर जाफ्ता के हाथों कैच कराके इंग्लैंड की जीत की रही सही उम्मीद भी तोड़ दी। स्काइवर ब्रंट ने 76 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और एक छक्का मारा। कैप ने सोफिया डंक्ले (02) और चार्ली डीन (00) को विकेट के पीछे कैच कराके पांच विकेट हासिल किए। डि क्लर्क ने लिंसे स्मिथ (27) को लूस के हाथों कैच कराके दक्षिण अफ्रीका की जीत सुनिश्चित की। इससे पहले वोलवार्ट ने ब्रिट्स के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को शानदार शुरुआत दिलाई और 300 से अधिक के स्कोर का मंच तैयार किया। बीच के ओवरों में तीन रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद वोलवार्ट ने कैप के साथ चौथे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करके पारी को संभाला।

दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर में 117 रन बनाए

एकलेस्टोन ने कैप को चार्ली डीन के हाथों कैच कराके खतरनाक दिख रही इस साझेदारी को तोड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने 202 रन तक छह विकेट गंवा दिए थे और उस पर मजबूत स्कोर तक नहीं पहुंच पाने का खतरा मंडरा रहा था लेकिन वोलवार्ट ने अपने शानदार खेल से टीम का स्कोर 300 रन के पार पहुंचाया। वोलवार्ट ने अपनी पारी के पहले हाफ में ऑफ साइड में कुछ शानदार ड्राइव लगाए। लय में आने के बाद उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के खिलाफ मिडविकेट बाउंड्री को निशाना बनाया। वोलवार्ट ने 47वें ओवर में बाएं हाथ की स्पिनर लिंसे स्मिथ की लगातार गेंदों पर एक छक्के और तीन चौकों से 20 रन बटोरे। उन्होंने मिडविकेट पर छक्का लगाकर अपने 150 रन पूरे किए और अपनी मैराथन पारी के दौरान पांच हजार एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रन भी पूरे किए। वह हालांकि अगले ओवर में लॉरेन बेल की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर एलिस कैप्सी को कैच दे बैठीं। ट्रायोन और डि क्लर्क ने पारी के अंतिम ओवरों में कुछ आक्रामक शॉट खेले। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी 10 ओवर में 117 रन बनाए।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram
मोहम्मद अकरम, लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। अकरम को पत्रकारिता में 8 साल से ज्यादा का अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं। अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |