टॉस के साथ ही हम… इस विश्व कप में अजेय रहे दक्षिण अफ्रीका का बोरिया बिस्तर समेटने के बाद बोले फिन एलन

Mar 05, 2026 02:17 pm ISTChandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, कोलकाता, भाषा
share

टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाने वाले न्यूजीलैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने कहा कि उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के अजेय अभियान को रोकने के लिए उसकी हर चुनौती का डटकर सामना करने की रणनीति अपनाई थी। इसमें उनकी टीम सफल रही।

टॉस के साथ ही हम… इस विश्व कप में अजेय रहे दक्षिण अफ्रीका का बोरिया बिस्तर समेटने के बाद बोले फिन एलन

टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाने वाले न्यूजीलैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने कहा कि उन्होंने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के अजेय अभियान को रोकने के लिए उसकी हर चुनौती का डटकर सामना करने की रणनीति अपनाई थी। इसमें उनकी टीम सफल रही।

दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रही टीम के रूप में सेमीफाइनल में पहुंची थी, क्योंकि वह लगातार सात जीत के साथ प्रतियोगिता में एकमात्र अजेय टीम थी। दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप चरण में न्यूजीलैंड को हराया भी था और सुपर आठ में टूर्नामेंट के मेजबान और प्रबल दावेदार भारत को भी पराजित किया था।

लेकिन न्यूजीलैंड ने बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में पिछली बार के उपविजेता को नौ विकेट से हराकर उसे बाहर कर दिया। उसने 43 गेंद शेष रहते जीत हासिल की।

केवल 33 गेंद में शतक लगाने वाले एलन ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘हमने बस यही उम्मीद की थी कि (कप्तान मिचेल) सैंटनर टॉस जीतें और पहले बल्लेबाजी का फैसला करें, तो यह पहला चरण पूरा हो गया और उसके बाद उसकी चुनौती का डटकर मुकाबला करना था। मैच पर पकड़ बनाना था और किसी भी चुनौती से पीछे नहीं हटना था।’

पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम पावरप्ले में लय हासिल करने में नाकाम रही, क्योंकि ऑफ-स्पिनर कोल मैककॉन्ची ने दूसरे ओवर में लगातार गेंदों पर क्विंटन डीकॉक और रयान रिकेल्टन के विकेट ले लिए। इसके बाद रचिन रविंद्र और मैट हेनरी ने शिकंजा कसने में देर नहीं लगाई।

एलन ने कहा, ‘गेंदबाजों ने हमारे लिए लय बनाई। जिस विकेट को हम बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छा मान रहे थे, उस पर शुरुआती विकेट लेना बेहद महत्वपूर्ण था।’

उन्होंने कहा, ‘उनके (दक्षिण अफ्रीका के) पास अविश्वसनीय रूप से मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप है लेकिन हमारे गेंदबाजों की तारीफ करनी होगी। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी करके हमारी जीत की नींव रखी।’

न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने अहमदाबाद में ग्रुप चरण में दक्षिण अफ्रीका से मिली हार का भी विश्लेषण किया और उससे मिली सकारात्मक बातों पर ध्यान केंद्रित किया।

उन्होंने कहा, ‘हमने उनके खिलाफ खेले गए पहले मैच का बारीकी से विश्लेषण किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन उनके खिलाफ खेलने से हमें उनकी रणनीतियों के बारे में थोड़ा जानकारी मिली और हमने उसका फायदा उठाने की कोशिश की।’

एलन ने कहा कि हालांकि ईडन गार्डन्स में अधिकतर दर्शक तटस्थ थे, लेकिन उनके माता-पिता संभवतः उन कुछ लोगों में शामिल थे जो न्यूजीलैंड में अपने घर पर लाइव मैच देख रहे थे, जहां तब सुबह का समय था। न्यूजीलैंड भारतीय समयावधि से साढ़े सात घंटे आगे है।

एलन ने कहा, ‘मुझे यकीन है कि मेरे माता-पिता पूरा मैच देख रहे थे। उम्मीद है कि उन्हें मुझ पर गर्व होगा।’

एलन ने कहा कि रविवार को होने वाले फाइनल से पहले यह जीत न्यूजीलैंड के मनोबल को काफी बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा, ‘अब हमारा सामना नई टीम से होगा। परिस्थितियों के साथ और भी कुछ काफी अलग होगा लेकिन हम इस मैच से मिले सकारात्मक पहलुओं पर गौर करेंगे और नए सिरे से शुरुआत करने पर ध्यान देंगे। मुझे लगता है कि अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तो किसी को भी हरा सकते हैं।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule और Live Cricket Score देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।