राहुल द्रविड़ बतौर टीम मालिक कप्तान अश्विन की निगरानी करेंगे या देंगे खुली छूट? नई भूमिका पर खुलकर की बात

Chandra Prakash Pandey लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, पीटीआई
Follow us on Google News
share

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोच के तौर पर अलग-अलग तरह के मालिकों के साथ काम करने का अनुभव रहा है। इनमें से कुछ मालिक बेहद जुनूनी रहे, जबकि कुछ दूर रहकर केवल निगरानी करने पर ध्यान देते हैं। अब द्रविड़ डबलिन गार्डियंस के मालिक हैं। 

राहुल द्रविड़ बतौर टीम मालिक कप्तान अश्विन की निगरानी करेंगे या देंगे खुली छूट? नई भूमिका पर खुलकर की बात

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोच के तौर पर अलग-अलग तरह के मालिकों के साथ काम करने का अनुभव रहा है। इनमें से कुछ मालिक बेहद जुनूनी रहे, जबकि कुछ दूर रहकर केवल निगरानी करने पर ध्यान देते हैं।

द्रविड़ अब डबलिन गार्डियंस के मालिक की नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग की इस टीम के मालिक के तौर पर वह क्रिकेट संचालन में दखल नहीं देंगे और कप्तान रविचंद्रन अश्विन को फैसले लेने की पूरी छूट देंगे।

जब उनसे पूछा गया कि वह किस तरह के मालिक बनना चाहेंगे, तो द्रविड़ हंस पड़े।

उन्होंने 'पीटीआई' को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘यह तो समय आने पर ही पता चलेगा। यह मेरे लिए पहला अनुभव होगा, इसलिए मैं खुद भी देखना चाहता हूं कि मैं इस भूमिका में कैसा रहूंगा।’

करीब 30 वर्षों तक शीर्ष स्तर के क्रिकेट से जुड़े रहने के बावजूद द्रविड़ मानते हैं कि नई जिम्मेदारी में उन्हें टीम से कुछ दूरी बनाकर रखनी होगी।

उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मेरी योजना क्रिकेट से जुड़े रोजमर्रा के मामलों से थोड़ी दूरी बनाकर रहने की है। मेरा मकसद ऐसी मजबूत टीम तैयार करना होगा, जो अपने स्तर पर काम कर सके। आप मुझे डगआउट में लगातार नहीं देखेंगे। मैं हर अभ्यास सत्र या हर मैच में मौजूद रहने वाला व्यक्ति भी नहीं हूं।’

द्रविड़ ने साफ किया कि वह टीम मालिक के तौर पर सीमित लेकिन सहयोगी भूमिका निभाना चाहते हैं।

डबलिन गार्डियंस के कप्तान के रूप में अश्विन से करार करने के बाद द्रविड़ का मानना है कि इस दिग्गज ऑफ-स्पिनर को खुलकर काम करने का मौका दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘हम खुशकिस्मत हैं कि हमारे साथ अश्विन जैसे कप्तान और मार्गदर्शक जुड़े हैं। हम उनके आसपास ऐसी टीम बनाएंगे, जिससे वह अपनी सोच के मुताबिक टीम का नेतृत्व कर सकें।’

भारत के इस पूर्व मुख्य कोच ने कहा, ‘मेरा काम मैदान के अंदर और बाहर, दोनों स्तरों पर मजबूत ढांचा तैयार करना होगा। फ्रेंचाइज़ी संचालन में काफी काम करना पड़ता है और फिलहाल मेरी प्राथमिकता वही रहेगी। क्रिकेट से जुड़े फैसले अश्विन और सहयोगी स्टाफ संभालेंगे।’

फ्रेंचाइजी मालिक उनके लिए नया क्षेत्र है और द्रविड़ मानते हैं कि उन्हें अभी काफी कुछ सीखना है।

उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए नया अनुभव है और इसे लेकर मैं उत्साहित हूं। लेकिन मुझे पता है कि मुझे बहुत कुछ सीखना और आगे बढ़ना है। मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे कुछ नया करने और एक अलग क्षेत्र में सीखने का मौका मिला है।’

दुनिया भर में तेजी से बढ़ रही टी20 लीगों के बीच द्रविड़ को भरोसा है कि यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग अपनी अलग पहचान बना सकती है।

उन्होंने कहा, ‘आयरलैंड, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और यूरोप के इस हिस्से में क्रिकेट का समृद्ध इतिहास, संस्कृति और परंपरा रही है। यहां स्थानीय लोग लंबे समय से क्रिकेट खेलते आ रहे हैं। आयरलैंड में कई क्लब हैं और बड़ी संख्या में भारतीय पेशेवर खिलाड़ी भी यहां खेल चुके हैं।’

उन्होंने कहा, ‘ऐसे में हमारे पास पहले से ही एक निश्चित दर्शक वर्ग और इस खेल को पसंद करने वाले लोग हैं। पहले से ही प्रतिभाओं का एक निश्चित समूह मौजूद है, जिस पर हम आगे काम करने की उम्मीद कर सकते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘यह सिर्फ आयरलैंड तक सीमित नहीं है। स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और बाकी यूरोप को साथ जोड़ने से हमारे पास काम करने के लिए बड़ा दायरा उपलब्ध होगा।’

उन्होंने कहा, ‘लीग और मालिकाना स्तर पर जिस तरह के लोग इससे जुड़े हैं, उनके साथ मिलकर दुनिया के इस हिस्से में कुछ नया और रोमांचक तैयार करना काफी दिलचस्प होगा।’

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट, IPL 2026 , Orange Cap in IPL 2026 और Purple Cap की रेस, IPL 2026 Points Table , IPL 2026 Schedule आज के बड़े मुकाबले PBKS vs MI Live Score और पल-पल के Live Cricket Score अपडेट्स के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी क्रिकेट अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।