
सेमीफाइनल से पहले फिट हो पाएंगी प्रतीका रावल? जानें कप्तान हरमनप्रीत कौर ने क्या बताया
महिला विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के साथ होने वाले सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम को तगड़ा झटका लगा है। शानदार फॉर्म में चल रहीं ओपनर प्रतीका रावल रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गईं। मेडिकल टीम उन पर नजर बनाए हुए है और उम्मीद है कि वह सेमी के लिए फिट हो जाएंगी।
महिला एकदविसीय विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। फॉर्म में चल रहीं ओपनर प्रतीका रावल चोटिल हो गई हैं। उन्हें रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में डीप मिडविकेट पर फील्डिंग के दौरान चोट लग गई थी। वह लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गईं। मैच तो बारिश की वजह से धुल गया लेकिन भारतीय टीम की चिंता बढ़ गई है। सबकी नजरें इस पर है कि क्या सेमीफाइनल से पहले वह पूरी तरह फिट हो पाएंगी? कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उम्मीद जताई है कि रावल जल्द ही ठीक हो जाएंगी।

बांग्लादेश के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद भारतीय कप्तान ने कहा, 'प्रतीका पर मेडिकल टीम की नजर है और उम्मीद है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी। यह (सेमीफाइनल) हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण मैच है। हमने लीग मुकाबलों में बहुत अच्छा क्रिकेट खेला है और सभी ने अपना योगदान दिया है जिसे हम आगे भी जारी रखेंगे।'
रविवार को बारिश से धुले मैच में भारतीय टीम के प्रदर्शन से कौर संतुष्ट नजर आईं। उन्होंने कहा उनकी टीम ने स्पष्टता के साथ काफी संतुलित गेंदबाजी की।
डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत बांग्लादेश के 27 ओवर में 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने महज औपचारिकता के इस मैच में 8.4 ओवर में बिना विकेट खोए 57 रन बना लिए थे। बारिश के कारण जब मैच रद्द किया गया तब स्मृति मंधाना 34 जबकि अमनजोत कौर 15 रन बनाकर खेल रहीं थी।
बांग्लादेश ने शर्मिन अख्तर (36 रन, 53 गेंद, चार चौके) और शोभना मोस्तरी (26) की पारियों की बदौलत नौ विकेट पर 119 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
बाएं हाथ की स्पिनर राधा ने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए। श्री चरणी ने भी 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि अमनजोत कौर (18 रन पर एक विकेट), रेणुका सिंह (23 रन पर एक विकेट) और दीप्ति शर्मा (24 रन पर एक विकेट) को भी एक-एक विकेट मिला।
हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा, ‘‘आज हमने जिस तरह से गेंदबाजी की वह काफी संतुलित थी और काफी स्पष्टता थी। हम लगातार खेल का आनंद लेने की बात करते रहते हैं और आगे भी यही करना चाहते हैं।’’
भारतीय कप्तान ने कहा कि राधा ने अच्छी गेंदबाजी करके उन्हें एक और विकल्प दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘राधा ने आज जिस तरह से खेला उससे हमें अगले मैच के लिए एक और विकल्प मिल गया है। अमनजोत ने वापसी की और अपना योगदान दिया। हमने जो सोचा था वह हमने हासिल कर लिया है और उम्मीद है कि प्रतीका भी अगले मैच के लिए ठीक हो जाएगी।’’
(इनपुट- भाषा)






